देश का मानसून ट्रैकर:झारखंड में बिजली गिरने से 10 की मौत; 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, MP में सीजन की 50% बारिश हुई

देश के मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में मानसून जमकर सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार (31 जुलाई) को 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच, झारखंड में बिजली गिरने से मंगलवार को 10 लोगों की मौत हो गई।

इधर, मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री के 38 दिन में ही सीजन की आधी यानी 50% बारिश हो गई है। प्रदेश में एक और स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो रहा है। बुधवार से फिर से प्रदेश में झमाझम का दौर शुरू हो सकता है।

वहीं, राजस्थान और बिहार में मानसून धीमा पड़ा है। राजस्थान के जैसलमेर और गंगानगर में टेम्परेचर 40 डिग्री चला गया। बिहार में भी ट्रफ लाइन राज्य की सीमा से बाहर है, जिसके चलते बारिश नहीं हो रही है। कई जिलों में गर्मी और उमस है। गोपालगंज में तापमान 40 डिग्री पहुंच गया।

केरल में लैंडस्लाइड में 125 मौतें
केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुए लैंडस्लाइड में 4 गांव बह गए। अब तक 125 लोगों की मौत हो चुकी है। 116 अस्पताल में हैं, जबकि 98 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। रेस्क्यू के लिए आर्मी, एयरफोर्स, SDRF और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। कन्नूर से आर्मी के 225 जवानों को वायनाड के लिए रवाना किया गया है।