मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:केंद्र ने यूनिफाइड पेंशन स्कीम को मंजूरी दी; एक्टर नागार्जुन का कन्वेंशन सेंटर ढहाया; शिखर धवन का इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास

कल की बड़ी खबर केंद्र सरकार के उस फैसले की रही, जिसमें केंद्रीय कर्मचारियों के लिए यूनिफाइड पेंशन स्कीम का ऐलान किया गया है। एक खबर कोलकाता रेप केस की रही, मुख्य आरोपी का पॉलीग्राफी टेस्ट आज होगा।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. PM मोदी रेडियो पर ‘मन की बात’ करेंगे। आज इस कार्यक्रम के 113वें एपिसोड का प्रसारण होगा। मोदी महाराष्ट्र के जलगांव जाएंगे। यहां 11 लाख ‘लखपति दीदियों’ को सम्मानित करेंगे।
  2. हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक होगी।
  3. केंद्र ने सरकारी कर्मचारियों के लिए यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को मंजूरी दी है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि UPS एक अप्रैल 2025 से लागू होगी। इसका फायदा 23 लाख केंद्रीय कर्मचारियों को होगा।’ कर्मचारियों के पास UPS या NPS में से कोई भी पेंशन स्कीम चुनने का ऑप्शन रहेगा। राज्य सरकार चाहें तो वे भी इसे अपना सकती हैं।

    NPS और UPS में अंतर: इस स्कीम में भी NPS (न्यू पेंशन स्कीम) की तरह कर्मचारियों को बेसिक सैलरी का 10% कॉन्ट्रिब्यूट करना होगा। हालांकि सरकार 14% की जगह 18.5% कॉन्ट्रिब्यूट करेगी। 25 साल सर्विस पूरी करके रिटायर होने पर पिछले 12 महीनों की बेसिक पे के एवरेज का 50% पेंशन के तौर पर मिलेगा। यह पेंशन NPS की तरह बाजार पर आधारित नहीं होगी। इसमें फिक्स पेंशन की एश्योरटी दी गई है। UPS में OPS और NPS दोनों के लाभ शामिल हैं।

  4. 2. कोलकाता केस, मुख्य आरोपी का पॉलीग्राफ टेस्ट आज, पूर्व प्रिंसिपल के खिलाफ CBI ने केस दर्ज किया
    कोलकाता रेप-मर्डर केस के मुख्य आरोपी संजय रॉय का आज पॉलीग्राफ टेस्ट होगा। एक दिन पहले 6 आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ। मुख्य आरोपी संजय रॉय से जेल में, जबकि पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष, 4 फेलो डॉक्टर, 1 वॉलंटियर से CBI दफ्तर में पूछताछ की गई। इधर, कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने संदीप घोष के खिलाफ FIR दर्ज की है। घोष पर प्रिंसिपल रहने के दौरान करप्शन करने का आरोप है।

    3. महबूबा बोलीं- कांग्रेस हमारा एजेंडा माने तो गठबंधन को तैयार, आर्टिकल 370 और 35A वापसी का वादा

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और PDP (पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) चीफ महबूबा मुफ्ती ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। इसमें आर्टिकल 370 और 35A की बहाली और पाकिस्तान से ट्रेड दोबारा शुरू करने का वादा किया गया है। महबूबा ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो आर्म्ड फोर्सेस को मिली स्पेशल पावर एक्ट (AFSAPA), आतंक निरोधी कानून (UAPA), पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) और एनिमी एक्ट हटाएंगे। साथ ही कहा कि अगर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस हमारी पार्टी का एजेंडा मानेंगे तो हम गठबंधन को तैयार हैं।

    4. एक्टर नागार्जुन के कन्वेंशन सेंटर पर बुलडोजर चला, झील की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप

    तेलुगु स्टार नागार्जुन के हैदराबाद स्थित एन कन्वेंशन सेंटर को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। यह सेंटर रंगारेड्डी जिले में हाईटेक सिटी के पास था। आरोप था कि झील की जमीन पर इस सेंटर का निर्माण कराया गया था। हालांकि नागार्जुन ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने X पर लिखा, ‘स्टे ऑर्डर लेने के बाद भी गैरकानूनी तरीके से कन्वेंशन सेंटर को तोड़ा गया। ये जगह पट्टा भूमि है। झील की एक इंच जमीन का इस्तेमाल नहीं किया गया।’

    6.69 एकड़ में बना था कन्वेशन सेंटर: एन कन्वेंशन सेंटर 6.69 एकड़ में बना था। इसे थुम्मिडीकुंटा झील की 3.30-3.40 एकड़ की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। हैदराबाद के भास्कर रेड्डी समेत कई शिकायतकर्ताओं ने HYDRA से शिकायत की थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।

    5. राहुल बोले- मोदी शहंशाह वाला मॉडल चाह रहे थे, हमने संविधान माथे लगवा दिया

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यूपी के प्रयागराज में ‘संविधान का सम्मान और उसकी रक्षा’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘मोदीजी राजा, महाराजा, शहंशाह वाला मॉडल चलाना चाह रहे थे। मैंने मोदी जी को संविधान माथे पर लगाने के लिए मजबूर कर दिया, लेकिन बता दूं कि बीजेपी को मैं अपना गुरु मानता हूं। उन्होंने मुझे क्या करना है, क्या नहीं करना है, सिखाया।’

    राहुल बोले- देश में हुनर को सम्मान नहीं: राहुल ने सुल्तानपुर के मोची रामचैत की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा, ‘ रामचैत के हाथों में जबरदस्त हुनर है। वे 40 सालों से मोची का काम कर रहे हैं, लेकिन उनका कोई सम्मान नहीं करता है। इस देश में हुनर की इज्जत है ही नहीं। चाहे वह बढइयों का नेटवर्क हो, नाइयों का नेटवर्क हो। इन सब में बहुत गहरी स्किल छुपी हुई है। हाथ मिलाने से पता लग जाता है। आप धोबी से हाथ मिलाइए वो ऐस दबाता है,हवा निकल जाती है।’

    6. इंटरनेशनल क्रिकेट से शिखर धवन का संन्यास, 2022 में आखिरी टूर्नामेंट खेला था
    टीम इंडिया के ओपनर रहे शिखर धवन ने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। शिखर पहली बार 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम में शामिल हुए थे। 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने आखिरी वनडे खेला था। उसके बाद से उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिली थी।

    7. पुणे में प्राइवेट कंपनी का हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट और तीन यात्री घायल; मुंबई से हैदराबाद जा रहा था

    पुणे के पौड इलाके में एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर ने मुंबई के जुहू से हैदराबाद के लिए उड़ान भरी थी। यह हेलिकॉप्टर मुंबई से हैदराबाद जा रहा था। इसमें पायलट और 3 यात्री सवार थे। हादसे में घायल पायलट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों यात्रियों को ज्यादा चोट नहीं आई हैं। आशंका है कि हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी की वजह से क्रैश हुआ। हादसे के पीछे भारी बारिश को भी वजह माना जा रहा है।

    यूपी के लखीमपुर में एक शख्स को कोबरा सांप ने डस लिया। इसके बाद वह शख्स सांप को डिब्बे में भरकर अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टर की टेबल पर डिब्बा रख कर बोला- इसी ने काटा है, बचा लीजिए। उसे एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया गया। मामला लखीमपुर मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर पलिया गांव का है। शख्स की हालत ठीक है, वह पड़ोस के घर में निकले सांप को पकड़ने गया था। तभी सांप ने अंगूठे पर डस लिया।