यूपी में बारिश का दौर लगातार चौथे दिन शनिवार को भी जारी है। नोएडा में सीजन में पहली बार बारिश के साथ ओले गिरे। इतनी ओलावृष्टि हुई कि सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई।
आज सुबह से प्रदेश के 9 शहरों में बारिश हो रही है, जिनमें बदायूं, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, लखनऊ, मथुरा, सहारनपुर, हाथरस, फिरोजाबाद शामिल हैं। बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे गलन और बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने आज 42 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 16 जिलों में ओले भी गिरने की संभावना है। सुबह से 32 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी करीब 100 मीटर तक रह गई है।
गाजियाबाद, सहारनपुर और मेरठ में 8वीं तक के स्कूल आज बंद हैं। मुजफ्फरनगर में मकान गिरने से युवक की मौत हो गई।
अब शहरों का हाल जानिए-
लखनऊ में तेज हवाओं के साथ बारिश
लखनऊ में रातभर बादल छाए रहे। सुबह 5 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। शहर के अलग-अलग इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। फुहारों से सड़कें पूरी तरह से गीली हो गई हैं। रात का तापमान भी 10 डिग्री के आसपास बना रहा।
सहारनपुर में 24 घंटे से रुक-रुक बारिश
सहारनपुर में 24 घंटे से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है, जिससे न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई। बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश देर रात तक होती रही। शनिवार सुबह से गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। बारिश के चलते आज 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
मेरठ में बारिश ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
मेरठ में बारिश ने दिसंबर महीने में 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को मेरठ में 30.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह से शाम तक लगातार बारिश होती रही। बारिश की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है। 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
गाजियाबाद में बारिश से 3 दिन स्कूल बंद
गाजियाबाद में बेमाैसम बारिश ने सर्दी बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह से रुक रुककर बारिश होती रही। रात में भी बूंदाबांदी होती रही। शुक्रवार शाम 4 बजे ही शहर में अंधेरा छा गया। मौसम ऐसा कि दिन में भी वाहनों को लाइट जलानी पड़ी। मौसम विभाग ने आज 29 मिमी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के चलते 8वीं तक के स्कूल 3 दिन (28 से 30 दिसंबर) के लिए बंद कर दिए गए हैं।
क्यों बदला यूपी का मौसम?
वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। नए साल की शुरुआत के साथ बारिश का असर कम हो जाएगा, लेकिन ठंड काफी बढ़ जाएगी।
ये बारिश फसलों के लिए अच्छी
कृषि विभाग के अनुसार, दिसंबर की बारिश रबी की फसलों के लिए अच्छी है। इन दिनों गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, सरसों, आलू आदि फसलें खेतों में लहलहा रही हैं। हवा की नाइट्रोजन फसलों को मिलेगी। हल्की-सी भी बारिश फसलों में खाद का काम करती है।
दिसंबर के आखिरी में जहां पाला पड़ने का डर होता है, वहीं अब बारिश से पाला पड़ने की संभावना भी कम हो जाएगी। बारिश से गेहूं और जौ के पौधे घने होंगे। गेहूं, जौ, सरसों, चना और अन्य रबी फसलों के पौधे तेजी से बढ़ेंगे। पाला पड़ने की भी संभावना हो जाएगी।
कल 8 जिलों में बारिश हुई, बहराइच सबसे सर्द रहा
शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के 8 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इनमें आगरा. मथुरा, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, सहारनपुर शामिल हैं। प्रदेश में कल दिन का औसत अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को बहराइच सबसे ठंडा जिला रहा, जहां का तापमान 9.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।