हरियाणा के हिसार में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका के सामने नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। वह रूठकर घर छोड़ गई उस महिला को मनाने के लिए पहुंचा था। वह उससे घर वापस चलने की कह रहा था, लेकिन महिला नहीं मानी। इसके बाद उसने यह कदम उठाया।
गंभीर हालत में उसे अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। व्यक्ति की पहचान सतीश सोनी के रूप में हुई है। वह हांसी की विकास कॉलोनी का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि महिला इस व्यक्ति के घर में किराए पर रहती थी। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई। व्यक्ति की पत्नी और 21 साल के बेटे की मौत हो चुकी है। उसकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।
अस्पताल में सतीश ने यह जानकारी दी…
- 2022 में रहने आई थी महिला: अस्पताल में उपचाराधीन व्यक्ति सतीश ने बताया है कि उनकी पत्नी की मौत करीब ढाई साल पहले हो चुकी है। इसके अलावा उनका 21 साल का बेटा भी मर चुका है। एक शादीशुदा बेटी है, जो दिल्ली में रहती है। इसलिए, वह एकदम अकेले थे। उन्होंने बताया कि यह महिला उनके पास 2022 में रहने आई थी। घर खाली था, इसलिए इसे रख लिया था। इसी दौरान उससे नजदीकियां बढ़ गईं। जब दोनों के बीच रिश्ता बन गया तो उससे किराया लेना बंद कर दिया।
- बार-बार घर छोड़कर चली जाती थी: सतीश ने बताया कि बीच-बीच में दोनों के बीच झगड़ा भी होता था और हर बार वह घर छोड़कर चली जाती थी। करीब 4 दिन पहले भी हमारा झगड़ा हुआ और वह रूठ कर चली गई। जब उसे मनाने गया तो वह मानी नहीं। इसके बाद यह कदम उठाना पड़ा।
- इसके लिए मैंने सबसे बिगाड़ ली: सतीश ने कहा- मैंने इस महिला के लिए सभी से बिगाड़ रखी है। मेरे घर में सभी रिश्तेदारों का आना-जाना बंद है। मेरा एक भाई है जो पुलिस में है। और मां है। दोनों फतेहाबाद में रहते हैं। इस महिला के कारण वे भी नहीं आते थे। फिर भी ये महिला मुझे छोड़कर चली गई।
महिला ने ये 4 बातें बताईं…
1. किराया न देने के बदले में काम करती थी वहीं, इस बारे में महिला का कहना है कि वह सतीश के पास किराए पर रहती थी। उसने बताया- सतीश ने कहा था कि तू मुझे किराया मत दे। मैंने उसे किराया देना बंद कर दिया। बदले में उसके घर का पूरा काम करती थी। यही मेरा काम हुआ करता था।
2. बिना शादी साथ रखना चाहता था महिला ने कहा- सतीश मुझे बात-बात पर जलील करता था। मेरा सामान निकालकर बाहर फेंक देता था। इसलिए, हम दोनों की लड़ाई हो जाती थी। जब मैं घर छोड़कर अपनी बेटी के पास रहने के लिए चली जाती थी तो फिर बाद में मनाने के लिए आ जाता था। यह मुझे बिना शादी के अपने साथ रखना चाहता है। शादी की कहो तो इनकार कर देता है।
3. बेटी के घर आकर ड्रामा किया मंगलवार को भी सतीश मुझे मनाने के लिए मेरी बेटी के घर आया था। उसने शराब पी रखी थी। आने से पहले उसने मुझे करीब 10 बार फोन किया, लेकिन मुझसे बात नहीं हो पाई। मैं एक शोरूम पर काम करती हूं। वहीं पर मैंने अपना फोन चार्जिंग पर लगा रखा था।
जब फोन लगातार बज रहा था तो दुकान पर मौजूद एक लड़के ने फोन उठाकर बता दिया कि मैं वहां नहीं हूं। इसके बाद सतीश मेरे घर पहुंच गया। वहां आकर उसने ड्रामा शुरू कर दिया। वह कह रहा था कि या तो तू मेरे संग चल, नहीं तो यहीं मर जाऊंगा। मैंने कहा कि यहां नहीं, कहीं और जाकर मर। इसके बाद उसने नस काट ली।
4. उसने मेरे साथ हाथापाई की नस काटने से पहले उसने मेरे साथ काफी छीनाझपटी की थी। इस दौरान हम दोनों को काफी चोटें भी आई हैं। उसके नस काटने के बाद मैंने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ही उसे एम्बुलेंस में डालकर अस्पताल लेकर पहुंची थी।
SHO बोले- अभी शिकायत नहीं आई इस बारे में हांसी के सिटी थाना प्रभारी SHO सदानंद का कहना है कि मामले की जानकारी डायल-112 को दी गई थी। मौके पर टीम पहुंची थी। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी ने कोई शिकायत नहीं दी है। अगर कोई शिकायत करेगा तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।