अंबाला में पूर्व मंत्री असीम गोयल ने उद्घाटन को लेकर हुए विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए कांग्रेस और शहर विधायक निर्मल सिंह पर तीखा हमला बोला है।असीम गोयल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें शहर का विकास सबसे पहले चाहिए और वह इससे ऊपर उठकर कभी नहीं सोच सकते।
उन्होंने कहा कि विधायक निर्मल सिंह को शायद अंबाला का विकास रास नहीं आ रहा। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने हरियाणा में परिवारवाद, भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया। यहां तक कि हुड्डा सरकार में “कृपावाद” भी देखने को मिला।
असीम गोयल ने यह भी कहा कि आज कांग्रेस की हालत यह है कि उनकी लड़ाई चौक-चौराहों पर चर्चा का विषय बन चुकी है। पार्टी के ऑब्जर्वर तक स्वीकार कर चुके हैं कि कांग्रेस जैसी गुटबाजी उन्होंने कहीं नहीं देखी। अब तो हालत यह है कि “कांग्रेस में जूतों में दाल बंट रही है।”
शहर का विकास निर्मल सिंह को रास नहीं आ रहा
अंबाला शहर में आए दिन हो रहे विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन मौजूदा विधायक निर्मल सिंह को रास नहीं आ रहे हैं। समय पर कार्यों का उद्घाटन न कर पाने का दर्द निर्मल सिंह का छलकता रहता है।
इस मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया देते हुए असीम गोयल ने कहा कि सरकार हमारी है। ये जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे सब उन्होंने मंत्री रहते हुए पास किए थे। गोयल ने कहा कि नायब राज में अंबाला में तेजी से काम हो रहे हैं।
लेकिन विपक्ष काम की सराहना करने की बजाय उसे कोस रहा है और काम में अड़चन डालने की कोशिश कर रहा है। गोयल ने कहा कि आज विपक्ष को जो परेशानी हो रही है, वह जनता को मिल रही राहत के सामने बहुत छोटी है। अंबाला के विकास कार्य जनता को राहत दे रहे हैं।
यह था पूरा विवाद
गौरतलब है कि हाल ही में अंबाला सिविल अस्पताल की ओपीडी का उद्घाटन पूर्व मंत्री असीम गोयल के भाई से करवाया गया था, जिस पर शहर विधायक निर्मल सिंह और अन्य स्थानीय नेताओं ने नाराजगी जताई थी। इसके साथ ही अन्य उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर भी यहां विवाद हो रहे हैं।