भाजपा विधायक बोले- आरोप मत लगाओ, सबूत सामने लाओ:विधायक आए सामने, कहा- महिला बहकावे में मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश कर रही

‘मैं नारी शक्ति का सम्मान करता हूं। वे मेरे लिए पूजनीय हैं। मुझे गाली भी दे रही हैं तो कोई बात नहीं। जो उनके साथ मिलकर मुझे बदनाम करा रहे, भगवान उनका भी भला करें। इस पूरे प्रकरण से मेरा कोई लेना-देना नहीं। मैंने कोई गलत काम नहीं किया। मुझे फंसाया जा रहा है।’

यह बातें सहारनपुर की गंगोह विधानसभा से भाजपा के विधायक कीरत सिंह ने कहीं। उन पर भाजपा महिला मोर्चा की नगर मंत्री कोमल गुर्जर ने पार्टी कार्यकर्ता के साथ समलैंगिक संबंध बनाने और 13 साल की लड़की के शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं।

20 जून को विधायक कीरत सिंह पर उत्पीड़न का लगाया था आरोप

भाजपा महिला मोर्चा की नगर मंत्री कोमल गुर्जर ने 20 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें बताया- गंगोह विधायक किरत सिंह के इशारे पर मेरे परिवार का उत्पीड़न हो रहा है। मेरे पैर में टक्कर मारी गई। मुझ पर कई फर्जी मुकदमे कराए। इस महापंचायत में आप सबको आना होगा। मेरा सभी से अनुरोध है कि 27 को एक महासभा होगी। लेकिन, वही आएं जो मेरे भाई हैं। चमचों की मुझे जरूरत नहीं।

भाजपा नेत्री बोलीं- विधायक किरत सिंह के अपने सहयोगी के साथ समलैंगिक संबंध हैं

गंगोह में शुक्रवार को महापंचायत से एक घंटे पहले कोमल गुर्जर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा-भाजपा विधायक किरत सिंह के अपने नजदीकी सहयोगी के साथ समलैंगिक संबंध हैं। इसके अलावा विधायक ने एक 13 साल की नाबालिग लड़की का शारीरिक शोषण किया है। विधायक लगातार उन्हें, उनके पति और उनके परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। वह जल्द ही पुख्ता प्रमाण सार्वजनिक करेंगी।

पुलिस ने जबरन रोकी पंचायत

कोमल गुर्जर के अनुसार- इन्हीं आरोपों को लेकर शुक्रवार को गंगोह में गुर्जर समाज की महापंचायत बुलाई थी। लेकिन, विधायक के प्रभाव में आकर प्रशासन ने गंगोह को छावनी में तब्दील कर दिया और उनकी पंचायत को जबरन रोक दिया। जबकि वह अपने समाज के सामने सच लाना चाहती थीं, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंट दिया।

पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना दिया गया

कोमल गुर्जर ने बताया कि- पुलिस ने मेरे समर्थकों पर लाठीचार्ज किया। कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया। पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना दिया गया। यह पूरी कार्रवाई विधायक के इशारे पर की गई। ताकि सच्चाई सामने न आ सके। हालांकि पार्टी ने भाजपा महानगर महिला मोर्चा की जिला मंत्री कोमल गुर्जर को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

कोमल चौधरी ने पहले कहा था-जगह नहीं मिली तो सड़क पर पंचायत करूंगी

कोमल गुर्जर ने कहा था कि भाजपा कहती है कि हम महिलाओं के साथ हैं, तो मैं आपकी गुर्जर महिला हूं। तो मेरा भी तो सम्मान है। महापंचायत के लिए गंगोह में पहले एक बैंक्वेट हॉल बुक किया गया था, लेकिन हंगामे की आशंका के चलते संचालक ने हॉल देने से इनकार कर दिया। अगर कहीं जगह नहीं मिली, तो मैं सड़क पर दरी बिछाकर शुक्रवार को पंचायत करूंगी।

महापंचायत में विधायक और महिला दोनों के समर्थकों में हुई बहस

शुक्रवार 27 जून को कोमल चौधरी ने महापंचायत बुलाई थी। महापंचायत में विधायक और महिला दोनों के समर्थकों में बहस होने लगी। इसके बाद लोग जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को काबू में करने के लिए लाठी लेकर दौड़ाया। विधायक के खिलाफ महापंचायत बुलाने पर भाजपा ने कोमल गुर्जर को पार्टी से निकाल दिया है।

कीरत सिंह बोले- किसी के उकसाने पर आरोप लगा रही है महिला

कीरत सिंह ने कहा- कोमल गुर्जर किसी के उकसाने पर मनगढ़ंत आरोप लगा रही है। मैं किसी की जुबान नहीं रोक सकता हूं। बस इतना जरूर कहना चाहूंगा कि मुझ पर जो भी ये आरोप लगा रही है। उसका कोई ऑडियो या वीडियो या कोई सबूत हो तो सामने लाए।

मुझे बेवजह बदनाम किया जा रहा

कीरत सिंह ने कहा – पिछले एक महीने से ये महिला सोशल मीडिया के माध्यम से मेरे खिलाफ बयानबाजी कर रही है। लेकिन मैंने अभी तक कहीं पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। न ही मेरे किसी कार्यकर्ता ने महिला से किसी प्रकार बदसलूकी की है। ये पूरा प्रकरण राजनीतिक है। मुझे बदनाम किया जा रहा है। इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।

भाजपा नेत्री के समर्थन में पहुंचें थे गुर्जर समाज के लोग

गंगोह में होने वाली महापंचायत को लेकर भाजपा नेत्री ने समाज के लोगों से अपील की थी। जिसके बाद गुर्जर समाज के नेता वीरेंद्र गुर्जर और सपा नेता मुखिया गुर्जर पहुंचे थे। मुखिया गुर्जर ने मंच से पुलिस को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि गुर्जर समाज के किसी भी व्यक्ति को परेशान करने पर अंजाम बुरा होगा। इस पूरे प्रकरण में गुर्जर बिरादरी की नाक पूरे देश में कट रही है। मैं किसी राजनीति की वजह से नहीं आया हूं। हमारी गुर्जर समाज की बहन कमजोर थी और उसे दबाया जा रहा है।

2022 विधानसभा चुनाव में 23 हजार वोटों से जीते थे गंगोह

कीरत सिंह एक भारतीय जनता पार्टी के नेता और व्यवसायी हैं। वह उत्तर प्रदेश की 18वीं विधान सभा के सदस्य हैं , जो सहारनपुर की गंगोह विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं ।

उन्होंने 2022 के विधान सभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के इंद्रसेन को 23449 मतों के अंतर से हराया था। कीरत सिंह को 1,16,582 वोट मिले थे। और इंद्रसेन को 93,133 वोट मिले थे। वहीं सांसद इमरान मसूद के जुड़वां भाई और बसपा के प्रत्याशी नोमान मसूद को 55,078 वोट मिले थे।