हरियाणा में डॉक्टरों के जल्द भरे जाएंगे खाली पद:मंजूरी के लिए वेटिंग लिस्ट CM के पास पहुंची; 257 पद पर होनी है नियुक्ति

हरियाणा हेल्थ डिपार्टमेंट में डॉक्टरों के 777 खाली पद अभी तक शत-प्रतिशत नहीं भर पाए हैं। फर्स्ट फेज में 777 में से करीब 502 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे। जिसके बाद शेष बचे 275 पदों पर भर्ती के लिए वेटिंग लिस्ट में से करीब 126 डॉक्टरों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद नियुक्ति पत्र सौंप जाने हैं। मगर ये डॉक्टर पिछले करीब दो माह से ज्वाइनिंग की इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं।

सूत्रों का कहना है कि इनकी नियुक्ति पत्र से जुड़ी फाइल सीएम नायब सिंह सैनी के पास पहुंच गई है। अब वहां से मंजूरी मिलने के बाद इन डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।

21 को 58 डॉक्टरों के डाक्यूमेंट चेक किए जाएंगे

अभी वेटिंग लिस्ट से जुड़े 126 डॉक्टरों की ज्वाइनिंग नहीं हो पाई है कि विभाग ने वेटिंग लिस्ट से ही जुड़े 58 अन्य डॉक्टरों को दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया है। इन्हें पंचकूला स्थित मुख्यालय पर दस्तावेजों की जांच के लिए सुबह 10 बजे बुलाया गया है। प्रदेश में डॉक्टरों के खाली 777 पदों पर भर्ती के लिए रोहतक पीजीआई द्वारा परीक्षा ली गई थी।

जिसका परिणाम स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया गया था। अब उनमें से शार्टलिस्टेड उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच और बॉयोमेट्रिक के लिए बुलाया जा रहा है ताकि इन्हें नियुक्ति पत्र देकर प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में बनी डॉक्टरों को कमी को पूरा किया जा सके।

मंत्री ने विधानसभा में खाली पद भरने का दिया था आश्वासन

हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कई विधायकों द्वारा अस्पतालों में चिकित्सकों के खाली पदों को भरने के संबंध में पूछे गए सवाल पर जानकारी देते हुए आश्वासन दिया था कि प्रदेश में डॉक्टरों के करीब 777 पद खाली हैं। जिन्हें प्रदेश सरकार जल्द भरने जा रही है। मंत्री के इस आश्वासन के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इन पदों को भरने की कवायद शुरू कर दी थी। जिसके बाद इसकी लिखित परीक्षा का जिम्मा रोहतक पीजीआई को सौंपा गया था। वहां से रिजल्ट बनकर विभाग के पास आ गया था।

तभी से डॉक्टरों के पदों पर भर्ती चल रही है। मगर अभी तक सभी 777 पदों पर शत-प्रतिशत भर्ती नहीं हो पाई है। इसी क्रम में करीब 126 चिकित्सक ज्वाइनिंग का इंतजार कर रहे हैं।