सोनीपत जिले में कल 3 मार्च को एक महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन धर्मार्थ गोशाला परिसर में किया जाएगा, जहां प्रदेशभर की गौशालाओं को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए जाएंगे।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिला प्रशासन के साथ पुलिस विभाग ने भी व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक रणनीति तैयार कर ली है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनसमूह के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंच, पंडाल, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
गोशालाओं को मिलेगी आर्थिक सहायता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की विभिन्न गोशालाओं को सहायता राशि के चेक वितरित करेंगे। साथ ही गो संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में कार्य कर रहे संगठनों को प्रोत्साहित करते हुए समाज में गो सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। सरकार द्वारा गोशालाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पहले ही स्थल का निरीक्षण कर चुका है। मंच निर्माण, वीआईपी बैठने की व्यवस्था, आमजन के लिए पंडाल, पेयजल, शौचालय, बिजली आपूर्ति, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया गया। चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश
एसडीएम सुभाष चंद्र ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, इसलिए भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारियां तय की गई हैं ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
डीसीपी कुशल सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग निर्धारित किया जाएगा तथा पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों का उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा।
आमजन से सहयोग की अपील
पुलिस एवं प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि राज्यस्तरीय यह आयोजन सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।