पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान (2026) के तहत भाजपा के संभागीय कार्यालय जबलपुर में आज बड़ी बैठक की जा रही है। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। यहां कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, सांगठनिक कौशल और नेतृत्व क्षमता में सक्षम बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के दौरान वैचारिक सत्र, योग और विभिन्न संगठनात्मक चर्चाएं आयोजित की जाती हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रशिक्षण का क्रम जारी रखने के कारण ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। इसीलिए हमारी सरकार जनहितैषी कार्य में अपने संगठन की ताकत लगाती है। संगठन की मजबूती के लिए, कार्यकर्ताओं को आधार बनाने और सक्रियता के लिए प्रशिक्षण वर्ग की आवश्यकता होती है।
मुझे प्रसन्नता है कि जब से हेमंत खंडेलवाल अध्यक्ष बने हैं, वे ऐसे कार्यों को गति देते जा रहे हैं। हम सरकार के मुखिया भले ही हैं, लेकिन एक कार्यकर्ता होने के भाव से हमारे सांसद, विधायक और मंत्री दोनों दायित्वों का बराबरी से निभा रहे हैं। आज जबलपुर, रीवा, शहडोल सहित चार संभाग का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है।
रीवा से आए डिप्टी सीएम
प्रशिक्षण अभियान में शामिल होने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा से जबलपुर आ गए हैं। शुक्ल ने कहा कि बीजेपी अपने उद्देश्यों को लेकर राजनीति के क्षेत्र में एक मिशन की तरह काम कर रहा है, उस मिशन को पूरा करने के लिए लगातार इस प्रकार के प्रशिक्षण और ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यकर्ता अपने विचारों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन ठीक प्रकार से कर सकें, इसके लिए इस तरह के कार्यक्रम होते हैं और इससे हम सबको बहुत फायदा होता है।
जुडा की हड़ताल पर शुक्ल ने कहा कि जल्द उनकी समस्याओं का निकाकरण किया जाएगा। मेरा निवेदन है कि सभी हड़ताल पर जाने के बजाय ड्यूटी पर लौटे।
नरसिंहपुर से पहुंचे मंत्री उदय प्रताप
प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी नरसिंहपुर जिले के ग्राम लोलरी से कार द्वारा जबलपुर पहुंच गए हैं। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री यहां रानीताल स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संभागीय कार्यशाला में शामिल हो रहे हैं और शाम 5 बजे कार द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगे।
प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए जबलपुर पहुंच गई हैं। वे शाम 4.30 बजे कार द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगी।।
मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेता करेंगे संबोधित
जबलपुर, रीवा, शहडोल एवं छिंदवाड़ा संभाग से लगभग 400 प्रशिक्षार्थी कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। कार्यशाला को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, गुजरात प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित प्रदेश सरकार के मंत्री और वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
कार्यशाला में जबलपुर, रीवा, शहडोल एवं छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों से 400 से अधिक विषय वक्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रातः 11 बजे पंजीयन, दोपहर 12:30 बजे उद्घाटन सत्र होगा। उद्घाटन सत्र में वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके बाद विभिन्न सत्रों में विषय से संबंधित वक्ता कार्यशाला को संबोधित करेंगे।