अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 17वां दिन है। इस बीच भारतीय जहाज शिवालिक कतर से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर भारत आ रहा है। यह कुछ घंटें में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंचेगा।
जहाज लगभग 46 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर आ रहा है। 14 मार्च को ईरान ने शिवालिक को हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की इजाजत दी थी। वहीं, जहाज नंदा देवी और जग लाडकी कल तक भारत पहुंच सकता है। नंदा देवी जहाज पर भी 46,000 टन LPG लदा है।
ईरान ने इजराइल पर ‘सेजिल बैलिस्टिक मिसाइल’ दागी
ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि इजराइल के सैन्य और डिफेंस फैसिलिटी को निशाना बनाया गया है। यह सॉलिड फ्यूल वाली स्ट्रैटेजिक मिसाइल है, जो 2000-2500 किलोमीटर तक हमला कर सकती है।
द नेशनल इंटरेस्ट पत्रिका के अनुसार, इस मिसाइल की पहुंच मिस्र, सूडान के कुछ हिस्सों, यूक्रेन के बड़े हिस्से, दक्षिणी रूस, पश्चिमी चीन, भारत और हिंद महासागर और भूमध्य सागर के बड़े क्षेत्रों तक हो सकती है।
जंग के बीच UAE में 19 भारतीय गिरफ्तार, फेक न्यूज फैलाने का आरोप
जंग के बीच UAE ने 35 लोगों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया, जिनमें 19 भारतीय हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक इन पर सोशल मीडिया पर फेक वीडियो और जानकारी फैलाने का आरोप है।
UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्स ने बताया कि यह कदम डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी के बाद उठाया गया है, ताकि झूठी जानकारी फैलाकर अशांति या डर फैलाने से रोका जा सके।