अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से जब उनके पश्चिम एशिया को लेकर पूर्व के बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने चौंकाने वाला जवाब देते हुए कहा कि क्या आप मेरे और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच मतभेद पैदा करना चाहते हैं? जेडी वेंस ने कहा कि पश्चिम एशिया को लेकर अमेरिकी प्रशासन के सभी सदस्य एकमत हैं और उन्हें राष्ट्रपति पर पूरा भरोसा है कि वे ईरान मामले को खत्म करेंगे।
जेडी वेंस ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए जेडी वेंस से उनके पश्चिम एशिया को लेकर पिछले बयानों पर सवाल किया गया। जिस पर वेंस ने इन सवालों को टालते हुए कहा, ‘आप प्रशासन के सदस्यों के बीच, मेरे और राष्ट्रपति के बीच फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं। राष्ट्रपति कहते रहे हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए और मैं उनसे सहमत हूं।’
वेंस ने कहा ‘हमारे पास एक बुद्धिमान राष्ट्रपति हैं, जबकि पूर्व में हमारे पास मूर्ख राष्ट्रपति रहे हैं। मुझे राष्ट्रपति ट्रंप पर भरोसा है कि वे काम को पूरा करेंगे, अमेरिकी लोगों के लिए अच्छा काम करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि पूर्व की गलतियां दोहराई न जाएं।’
पूर्व के बयानों में ईरान के साथ युद्ध को गलत बताया था
दरअसल जेडी वेंस ने अपने पूर्व के कई बयानों में कहा है कि अमेरिका को विदेशी संघर्षों में शामिल नहीं होने से बचना चाहिए। साथ ही साल 2023 में एक अखबार के संपादकीय में भी वेंस ने लिखा था कि ट्रंप इसलिए भी सफल रहे हैं क्योंकि उन्होंने अमेरिका को युद्धों में नहीं शामिल किया। साल 2024 में भी वेंस ने कहा था कि ईरान के साथ युद्ध अमेरिका के हित में नहीं है और यह संसाधनों को नुकसान पहुंचाने जैसा है।
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, अमेरिका की सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता टिमोथी हॉकिन्स ने बताया कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान में सात देशों में अमेरिका के 200 के करीब सैनिक घायल हुए हैं। अब तक इस अभियान में 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है। समय के साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है क्योंकि कई सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं।
Post Views: 29