“20 मिनट में 4 बदमाश 2 करोड़ के जेवरात और 25 लाख रुपए कैश लूट कर भाग निकले। गन पॉइंट पर मुझसे लॉकर की चाबी छीन ली। इतने बड़े मार्केट में कभी एक सिपाही तक खड़ा नहीं रहता है। सोचा नहीं था कि हमारे साथ ऐसा होगा। लूट के बाद बदमाश हमें दुकान के अंदर बंद करके चले गए।”
ज्वेलरी दुकान के मालिक मनोज ठाकुर के बेटे प्रेम ने ये बातें कही।
दरअसल, दरभंगा के ज्वेलरी दुकान में शुक्रवार को दिनदहाड़े 2 करोड़ के जेवरात और 25 लाख रुपए की लूट हुई है। 4 बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर इस पूरे वारदात को अंजाम दिया। घटना नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार की है।
अपराधियों ने 20 मिनट में वारदात को अंजाम दिया है। बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में ये लूट हुई है। बदमाशों के भागने का CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें वो मुंह बांधकर भागते नजर आ रहे है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अब जानिए पीड़ित दुकानदार ने क्या कुछ बताया
ज्वेलरी दुकान के मालिक मनोज ठाकुर ने कहा- मैं ग्राहक से डील कर रहा था। दुकान में सोने और चांदी का सामान बिखरा हुआ था। अचानक से 4 बदमाश पहुंचे। सभी के हाथ में पिस्टल थी।
बदमाशों ने यहां सभी को गाली दी। हमने किसी भी तरह का कोई विरोध नहीं किया। हमसे बदमाशों ने कहा था कि कोई भी कुछ बोलेगा तो ठोक देंगे। वे 4 बैग में ज्वेलरी और कैश भर कर ले गए।
दुकान में सिर्फ सेम डे का कैश नहीं होता
दुकान मालिक ने आगे बताया, ‘2 करोड़ की ज्वेलरी और 20 लाख के आसपास कैश लेकर अपराधी फरार हो गए। दुकान में सिर्फ सेम डे का कैश नहीं होता है। जब वारदात हुई, तो दुकान में उस वक्त मैं और मेरा बेटा, 2 कर्मी और 2 ग्राहक थे। ग्राहक के कैश भी बदमाश लेकर गए हैं।
बदमाश पूरी तरह से आक्रमक थे। मेरी, मेरे बेटे और ग्राहकों के सोने की चेन भी लूट कर बदमाश चले गए। चारों बदमाश पिस्टल लहरा रहे थे, उनकी उम्र 25 से 30 साल के बीच में होगी। यहां से मोबाइल छीनने के बाद उन्होंने हमारा मोबाइल मंदिर के पास फेंक दिया था। मैं प्रशासन से मांग करता हूं कि मेरा सामान मुझे लौटा दिया जाए।’
मार्केट में पुलिसकर्मी एक्टिव नहीं
ज्वेलरी दुकान के मालिक मनोज ठाकुर के बेटे प्रेम ने कहा, ‘बदमाशों ने मुझे पिस्टल दिखा कर लॉकर की चाबी छीन ली। फिर 4 बैग में भर कर यहां से सामान ले गए। जाते समय उन्होंने दुकान के बाहर का ग्रील भी लॉक कर दिया था। हमें दुकान में भी बंद कर दिया था।
इतने बड़े मार्केट में कभी पुलिस नहीं रहती है। हमने कभी नहीं सोचा था कि यहां पर लूट हो जाएगी। सीसीटीवी का हार्ड डिस्क पुलिस लेकर चली गई है।’
स्टाफ झाजी कुमार ने कहा है, ‘अंदर में 4 आदमी पहुंचे थे। उन्होंने गालियां दीं। भइया के सीने पर पिस्टल तान दी और लूट की घटना को अंजाम दिया। मनोज और मॉन्टी भइया को बदमाशों ने थप्पड़ भी मारा है। दुकान में व्यापारी बैठे थे। उन्हें भी बदमाशों ने मारा और उनकी चेन, अंगूठी और कैश छीन लिए।’
फोन छीन कर मारे 2 थप्पड़
इस पूरे मामले पर दुकान के कर्मी बिरजू कुमार ने बताया, ‘एक लड़का मुझे पकड़ कर अंदर ले गया। फिर गाली देते हुए कहा कि यहीं पर बैठो, बाहर नहीं जाना है। फिर वो सामान लूटने लगा। बदमाश ने मेरा फोन भी छीन लिया और मुझे दो थप्पड़ मारेे।
चारों बदमाश के पास पिस्टल थी। मैंने दुकान के मालिक से कहते हुए सुना है कि 2 करोड़ के जेवरात और 25 लाख कैश लेकर बदमाश भागे है।‘
मार्केट में भी बदमाशों ने हथियार लहराया
ज्वेलरी दुकान के सामने दुकान चला रहे खिलौना दुकानदार विक्की ने कहा, ‘मैंने 7-8 अपराधियों को देखा। कुछ आदमी ज्वेलरी दुकान के बाहर थे, कुछ दुकान के आसपास थे, तो 4 बदमाश अंदर घुस गए। सब कुछ इतना अचानक हुआ कि हमें कुछ समझ ही नहीं आया।‘
‘बदमाशों को देखते ही मैं समझ गया था कि ये अपराधी टाइप के लोग है। लेकिन, मेरे दुकान में भी ग्राहक थे, मैं उनमें ही उलझा हुआ था। जब आसपास के लोग जोर जोर से चिल्लाने लगे कि लूट हो गई है, तो मैं भी अपनी दुकान से बाहर निकल गया। मार्केट में भी बदमाशों ने दुकानदारों पर हथियार लहराते हुए कहा कि साइड हो जाओ। बदमाशों ने नशा भी कर रखा था, उनकी आंखें पूरी लाल दिख रही थी।‘
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस पूरे मामले पर SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने कहा है, सूचना मिली है कि 4 बदमाश ज्वेलरी के दुकान से सामान लूट कर गए हैं। हम सीसीटीवी कैमरा चेक कर रहे हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए एसआईटी की टीम सिटी एसपी के नेतृत्व में बनाई गई है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अलग-अलग जगह पर चेकिंग हो रही है। अब कितने की लूट हुई है, ये तो दुकानदार लिख कर देंगे, तो बताएंगे।‘