करनाल में विदेश भेजने के नाम पर महिला से रेप:नशीला पदार्थ पिलाकर होटल ले गया एजेंट; अश्लील वीडियो भी बनाई

करनाल शहर में विदेश भेजने के नाम पर एक महिला के साथ धोखे से शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर होटल में ले जाकर पूरी रात रेप किया। इतना ही नहीं, उसने महिला की आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाकर अपने साथी को भेज दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विदेश जाने की इच्छा का उठाया फायदा

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जशमेर उसका मुंहबोला भाई है। उसने कई बार विदेश जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन जशमेर उसे टालता रहता था। बीती 1 अप्रैल को जब उसने जिद की, तो जशमेर ने बताया कि उसके जानकार गुरदीप नाम का एजेंट लोगों को विदेश भेजता है। इसके बाद जशमेर ने उसे गुरदीप का दिया, उसी दिन पीड़िता ने गुरदीप से फोन पर बात की।

घर से बुलाकर होटल ले गया आरोपी

गुरदीप ने फोन पर कहा कि वह एक-दो दिन में करनाल आएगा और मिलकर पूरी प्रक्रिया समझाएगा। 4 अप्रैल को उसने फोन कर बताया कि वह करनाल पहुंच चुका है और लोकेशन भेजने को कहा। पीड़िता ने अपनी लोकेशन भेज दी, जिसके बाद गुरदीप गाड़ी में उसके घर पहुंचा। उसने कहा कि कहीं होटल में बैठकर चाय-पानी के साथ बातचीत करेंगे, ताकि पूरा प्रोसेस समझाया जा सके।

इसके बाद वह उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गया और रास्ते में कोल्ड ड्रिंक दी।

नशीला पदार्थ देकर किया शोषण

कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद पीड़िता को चक्कर आने लगे, उसे हल्का-हल्का होश था। इसी दौरान आरोपी उसे पुराना बस स्टैंड के पास स्थित नीलम होटल में ले गया। पीड़िता के अनुसार, होटल के कमरे में गुरदीप ने पूरी रात उसका शारीरिक शोषण किया।

नग्न वीडियो बनाकर साथी को भेजी

पीड़िता ने बताया कि उसे हल्के होश में यह भी याद है कि आरोपी ने उसकी नग्न अवस्था में वीडियो और फोटो बनाई। इसके बाद उसने ये वीडियो रघबीर को भेज दी। साथ ही फोन पर कहा कि जो दवाई उसने भेजी थी, वह काम कर गई और ऐसी दवाई आगे भी भेजने को कहा, ताकि वह अन्य लड़कियों के साथ भी ऐसा कर सके।

अगले दिन दवाई खिलाने की कोशिश

5 अप्रैल की सुबह गुरदीप उसे घर छोड़ने के लिए गांधी नगर की ओर चला, उस समय भी उसे चक्कर आ रहे थे। रास्ते में राम नगर स्थित मेडिकल स्टोर से आरोपी दवाई लेकर आया और उसे खाने को कहा। पीड़िता ने दवाई नहीं खाई और वह दवाई अभी भी उसके पास है, जिसे वह पुलिस को दिखाने के लिए तैयार है। इसके बाद आरोपी उसे घर छोड़कर चला गया।

फोन पर दी धमकी

जब पीड़िता को पूरी तरह होश आया, तो उसने गुरदीप को फोन किया और कहा कि उसने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। इस पर आरोपी ने कहा कि उसके पास रोज ऐसी लड़कियां आती हैं और वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। उसने यह भी धमकी दी कि उसके संबंध होम मिनिस्ट्री और जजों तक हैं, इसलिए कहीं भी शिकायत कर ले, उसका कुछ नहीं होगा।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पीड़िता ने 7 अप्रैल को पुलिस को शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच पीएसआई सुमनलता को सोपी गई है। जांच में मामला थाना रामनगर क्षेत्र का पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार, दरखास्त के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।