सीएम बोले-कार्यकर्ता हर-जगह कहता है हमारा काम नहीं हो रहा:जहां समाधान नहीं हो वहां कहने का कोई लाभ नहीं, सबके काम पर नजर है

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा-कार्यकर्ता हर जगह कहता है कि हमारा काम नहीं हो रहा है। लेकिन जहां समाधान हो, वहां मन की बात कहनी चाहिए। जहां समाधान नहीं हो, वहां कहने का कोई लाभ नहीं है। 50 जगह कहने से माहौल खराब होता है। जनता के बीच किस तरह का वातावरण बनाना है। यह हमें तय करना है।

सीएम मंगलवार को BJP प्रदेश कार्यालय में पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश योजना बैठक में यह बात कही। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक सहित प्रशिक्षण अभियान से जुड़े नेता मौजूद थे।

सीएम ने कहा-आप लोग कहते हो कि मंत्री और विधायक काम नहीं करते हैं। लेकिन जिस खास व्यक्ति का काम लेकर आप जाते हो। वही व्यक्ति आपके लिए परेशानी खड़ी करता है। आप लोगों को जो दायित्व दिया गया है, उसे संभालो। आप का चयन बहुत सोच समझकर किया गया है। समय आने पर आपको सब मिल जाएगा।

संगठन ने कैमरे लगा रखे हैं, सब पर नजर है

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- अगर आप काम करोगे तो आपकी छवि उस हिसाब से बनेगी। संगठन ने कैमरे लगा रखे हैं, आपके हर काम पर नजर है। अच्छा काम करोगे तो आपको अधिक मौके मिलेंगे।

उन्होने जिलाध्यक्षों से कहा- प्रत्येक कार्यकर्ता में काम का बंटवारा समान रूप से हो। इसके बाद जो काम नहीं करेगा वो दुबारा नहीं आएगा।

सीएम ने कहा- सरकार ने प्रदेश की प्राथमिकता के अनुसार पानी-बिजली पर आते ही काम शुरू किया। ऐसी कोई विधानसभा नहीं है, जहां काम नहीं हो रहा हो। अब यह आप लोगों का दायित्व है कि आप सरकार की योजनाओं को धरातल तक लेकर जाएं।

सिरोही गया तो मंदिर में सोया

सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर कहा- जब मैं महामंत्री के तौर पर प्रशिक्षण देने सिरोही गया तो मुझे वहां कहा गया कि आपके लिए होटल बुक है। लेकिन मैंने कहा- मैं यहां नई पीढ़ी को सीखने-सिखाने आया हूं। मैं मंदिर में सोया।

सीएम ने कहा- मैं खुद पांच अध्यक्षों के साथ काम कर चुका हूं। लेकिन कोई यह नहीं कह सकता कि मैंने उनके काम को प्राथमिकता से नहीं लिया। अध्यक्ष जो भी कहते थे उसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया है।