संतकबीरनगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र में पिछले 15 दिनों के भीतर मारपीट की 20 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में मनबढ़ तत्वों का बोलबाला बढ़ गया है, जो आए दिन वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। इससे आम जनता में भय का माहौल है और पुलिस का खौफ अपराधियों में खत्म होता दिख रहा है।
हालांकि, एक बड़ी वारदात के बाद और कप्तान के ‘मिशन शक्ति’ निरीक्षण से लौटने के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई में बदलाव किया और कुछ एफआईआर भी दर्ज कीं। लेकिन, यह सख्ती भी इन घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
इन 20 घटनाओं में से कई शहर के बीचोबीच स्थित स्थानों पर हुईं, जिनमें बाहबोलिया, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, नायरा पेट्रोल पंप, एचपी पेट्रोल पंप, पहाड़ी दास मंदिर, रोडवेज परिसर, सानिध्य नर्सिंग होम और सीएचसी अस्पताल गेट शामिल हैं। इन वारदातों ने यह संदेश दिया है कि पुलिस थाना क्षेत्र में अपना इकबाल स्थापित करने में असफल रही है।
इन घटनाओं में निम्नलिखित प्रमुख मामले शामिल हैं:
- 14 अप्रैल : एक गांव में सुजीत साहनी पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में मारपीट की घटना हुई।
- 15 अप्रैल : रोडवेज परिसर में हुए विवाद के बाद मारपीट हुई, जिस पर अनिल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
- 16 अप्रैल : रजिस्ट्री कराकर लौट रहे भाइयों पर हमला किया गया। उसी दिन श्रीनगर गांव में एक महिला से घर में घुसकर मारपीट की गई, जिसमें उसका हाथ टूट गया और चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
- 18 अप्रैल : तुलसीपुर में पुलिस टीम पर पथराव की घटना हुई।
- 20 अप्रैल : जमोहरा में हुई मारपीट में 15 लोग घायल हुए।
- 21 अप्रैल : मेंहदावल थाने को फूंकने की धमकी दी गई।
- 21 अप्रैल : उत्तरपटी में घर पर चढ़कर मारपीट की गई, जिसमें चार लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ।
- 24 अप्रैल : शिवराही में बकरी चराने के विवाद को लेकर मारपीट हुई। उसी दिन सांडों कला में घर में घुसकर मारपीट की गई, जिसमें पुत्रवधू समेत दो लोग घायल हुए।
- 25 अप्रैल : थरौली में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 22 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। उसी दिन मरवटीया में हुई मारपीट में तीन लोग घायल हुए।
- 28 अप्रैल : पहाड़ीदास मंदिर के पास अमरहा के युवकों में मारपीट हुई, और एचपी पेट्रोल पंप पर भी मारपीट की घटना सामने आई। हालांकि इस मामले में किसी तरह की तहरीर की बात सामने नही आई।
- 30 अप्रैल: बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में मारपीट की घटना हुई , मेंहदावल सीएचसी पर मेडिकल कराने लाया गया। अस्पताल गेट पर ही जमकर मारपीट हो गई।
अब वह घटना जो पुलिस को खुला चैलेंज दिया
- 15 अप्रैल को रोडवेज परिसर में मारपीट जो बिजी क्षेत्र है हमेशा वहां पब्लिक रहती है।
- 21 अप्रैल को इंडियन आयल पेट्रोलपंप पर पेट्रोल लेने गए युवक पर दो दर्जन का हमला, जो पुलिस को खुला चुनौती दी गई।
- 24 अप्रैल को बाहबोलिया में खूनी संघर्ष, बीच सड़क पर ईंट चले, मानो पुलिस का डर ही नही रहा।
- 25 अप्रैल को नयारा पेट्रोलपंप पर पेट्रोल न मिलने पर मारपीट
एसओ सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कानून व्यवस्था खराब करने वाले पर कड़ी कार्यवाही कर रही है। किसी भी तरह से अराजकता करने वाले को बख्शा नही जाएगा।