पंजाब-चंडीगढ़ में पहली बार मौसम विभाग ने आज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। लोगों को पेड़-खंबों की आड़ न लेने और जलभराव वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है। 31 जुलाई तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। लगातार बारिश से भाखड़ा और पौंग डैम में पानी का स्तर डेंजर लेवल के पास पहुंच रहा है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक भाखड़ा डैम को डेंजर लेवल तक पहुंचने में करीब 20 से 30 दिन और पोंग डैम को 15 से 25 दिन लग सकते हैं। ऐसा हुआ तो फिर इनके फ्लड गेट खोलने पड़ सकते हैं। जिससे पंजाब में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। इससे पंजाब में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
हिमाचल प्रदेश के पठानकोट-चंबा नेशनल हाईवे पर बारिश में कार खाई में गिर गई। जिससे इसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 8 महीने का बच्चा और 2 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी लाशें कार में फंसी हुईं थी। मरने वालों में कार मालिक बच्चन सिंह, उनके बेटे रिपन, बहू रिंपी, भतीजी कीर्ति राणा और पोते की मौत हो गई।
कीर्ति राणा चंडीगढ़ में निजी नौकरी करती थीं। कीर्ति के पिता का भी कुछ साल पहले एक सड़क हादसे में निधन हो गया था। बच्चन सिंह का बेटा रिपन पुलिस विभाग में पौंग डैम में तैनात था। रिपन के ही 8 महीने के बच्चे को लेकर परिवार चंडीगढ़ PGI में कान की सर्जरी के लिए लाए थे। सोमवार रात वह घर लौट रहे थे।
हिमाचल के चंबा में बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आ गई। आधी रात को लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। बारिश के साथ आए मलबे ने कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचाया। एक मकान की पूरी मंजिल मलबे में दब गई। सरोल मोहल्ले में करीब 10 वाहनों को भी नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ गाड़ियां फ्लैश फ्लड में बह गईं। मूसलाधार बारिश के कारण पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे समेत प्रदेश की 250 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं।
डैमों में पानी बढ़ा, पंजाब में बाढ़ का खतरा लगातार बारिश से पंजाब में बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है। भाखड़ा डैम में पानी डेंजर लेवल के करीब पहुंच गया है। इस डैम में पानी 1595.38 फीट तक भर चुका है, यह खतरे के निशान 1680 फीट से 84 फीट ही नीचे रह गया है। वहीं पोंग डैम का जलस्तर 1331.58 फीट है और इसका डेंजर लेवल 1390 फीट है। इसमें अभी करीब 58.42 फीट पानी की क्षमता बाकी है।