सहारनपुर में युवक की हत्या के बाद पुलिस पर पथराव:जवानों ने लाठीचार्ज कर महिलाओं को पीटा; हाईवे जाम किया था

सहारनपुर के देवबंद में मंगलवार शाम 17 साल के लड़के की हत्या पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने सैकड़ों लोगों के साथ हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर जाम लग गया।

प्रदर्शनकारी सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। शाम करीब 5:30 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, जब नहीं माने तो उन्हें जबरन हटाना चाहा। इस पर महिलाओं से हाथापाई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे हालात बिगड़ गए। हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला। लाठीचार्ज कर जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। इससे भगदड़ मच गई। 4 लोग घायल हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के सीनियर अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें अब तक की पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। भरोसा दिलाया कि मामले में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है।