प्रशांत, नीरज या रेखा, बांकीपुर में किसकी होगी जीत:उपचुनाव में हुई 34.30% वोटिंग; जानिए 30 जुलाई को मतदान के दौरान क्या-क्या हुआ

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की बांकीपुर सीट पर गुरुवार को वोटिंग हुई। इस बार कुल 34.30% वोटिंग हुई है, जो 2025 विधानसभा चुनाव के मुकाबले 7 फीसदी कम है। पिछले साल बांकीपुर सीट पर 41.39% वोटिंग हुई थी।

इस उपचुनाव के साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत अब EVM में कैद हो चुकी है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच है। 3 अगस्त को नतीजे आएंगे।

हालांकि, इससे पहले प्रत्याशियों ने अपनी जीत के दावे ठोक दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को हर समाज, हर जाति और हर धर्म के लोगों ने वोट दिया है। बांकीपुर से राजद की जीत निश्चित है।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने दावा किया कि बांकीपुर में कोई चुनौती नहीं है। उन्होंने कहा, “प्रशांत किशोर पिछले चुनाव में भी बहुत तीर मार रहे थे। उनके जीतने की कोई संभावना या उम्मीद नहीं है। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं।”

आनंदपुरी में प्रशांत किशोर के सामने जनसुराज और बीजेपी समर्थक भिड़ गए। प्रशांत किशोर ने दखल देकर मामला शांत करवाया। पीके का कहना है कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंट को परेशान कर रही है। लोगों को पुलिस डरा रही है। जनसुराज के हेल्प डेस्क को हटाया जा रहा है।

वहीं किदवईपुरी में भी बीजेपी-जनसुराज के समर्थकों में पुलिस के सामने धक्का-मुक्की हुई। जनसुराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी बूथ पर दबंगई कर रहे हैं। लोगों को वोट डालने से रोक रहे हैं। PNT कॉलोनी में PK के समर्थकों ने हंगामा किया है।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बूथ के अंदर कुछ लोग वोटर्स से भाजपा के पक्ष में वोट करने को कह रहे हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। इससे पहले खेतान मार्केट के पास मतदान के दौरान 1 लाख 17 हजार कैश मिले हैं।

पीके बोले- बांकीपुर में बीजेपी का काम तमाम हो गया

जनसुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा, “यह बीजेपी की हार की बौखलाहट है। यह वही इलाका है, जहां बीजेपी को 85 से 90 प्रतिशत तक वोट मिलते रहे हैं, लेकिन इस बार इन इलाकों में भी बीजेपी हार रही है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि “इसी बौखलाहट में बाहर से गुंडे बुलाकर लोगों को डराया और धमकाया जा रहा है। यह काम दो-तीन वार्डों में हो रहा है। प्रशासन भी मोटे तौर पर बीजेपी की मदद कर रहा है।

बांकीपुर से 5 बार विधायक चुने गए नितिन नवीन

नितिन नवीन पिछले 5 बार से बांकीपुर विधानसभा का चुनाव जीतते रहे हैं। 2006 में पहली बार नवीन ने यह सीट उपचुनाव में जीती थी। उस समय यह सीट बांकीपुर की जगह पटना पश्चिमी कहलाती थी।

  • 2006 (पटना पश्चिम-उपचुनाव): नितिन नवीन कांग्रेस के उम्मीदवार को हराकर पहली बार विधायक बने।
  • 2010- राजद के विनोद कुमार श्रीवास्तव को 60,840 वोटों के अंतर से हराया।
  • 2015- कांग्रेस के कुमार आशीष को 39,767 वोटों के अंतर से हराया।
  • 2020- शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा (कांग्रेस उम्मीदवार) को 39,036 वोटों के अंतर से हराया।
  • 2025- राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 51,936 वोटों के अंतर से हराया।

वोट डालने पोलिंग बूथ पहुंचे लोगों ने क्या कहा?

एस.एस. गुप्ता ने कहा, ‘सुबह मैं अपनी पत्नी के साथ सीडीए बिल्डिंग गया और वोट दिया। यह उपचुनाव है। इसमें हार-जीत का बहुत असर बीजेपी पर नहीं पड़ेगा, लेकिन नितिन नवीन और प्रशांत किशोर की प्रतिष्ठा जरूर दांव पर लगी है।’

वहीं, रिटायर्ड अफसर विजय कुमार वोटिंग सिस्टम से नाराज दिखते हैं। कहते हैं, ‘मिला-जुलाकर वही लोग सत्ता में घूम-फिरकर आते हैं। कभी बीजेपी में कभी जेडीयू में, कभी कांग्रेस, आरजेडी में आते-जाते हैं। वोट दें देंगे, मैं यह कह रहा हूं कि आम आदमी चुनाव में नहीं आ सकता।’

महिलाओं ने एक स्वर से कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा रुकनी चाहिए। यह नहीं थम रहा है यह। इस पर सरकार को सख्त होना चाहिए। कदमकुआं के बूथ पर पहुंची एक महिला वोटर ने कहा, ‘लड़कियों की सेफ्टी बहुत जरूरी है। क्राइम बढ़ गया है। सबका अपना वोट है, जो जिसे पसंद करता है उसे दे रहा है।’