पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने सतलुज दरिया से सटे इलाकों में सोमवार देर रात 12 बजे छापेमारी की। चन्नी ने पूरे घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर लाइव दिखाया। चन्नी ने कहा कि पंजाब को काले अंग्रेज लूट रहे हैं।
सबसे पहले पूर्व सीएम चन्नी एक टिप्पर का दरवाजा खोलकर अंदर देखने लगे तो ड्राइवर छिपने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद आगे बढ़े तो घने अंधेरे के बीच मशीनरी चलने की आवाज भी सुन रहे थे। चन्नी ने कहा कि वह सतलुज के किनारे जब पहुंचे तो रेत के बड़े-बड़े ढेर लगे थे। अवैध तौर पर मशीनरी लगाकर रेत निकाली जा रही थी।
अब पढ़ें लाइव रेड के दौरान क्या बोले चन्नी:-
- सरकार की शह पर अवैध माइनिंग हो रही: इस चेकिंग का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण देखकर आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों और पूर्व सीएम के बीच बातचीत भी हुई। चन्नी ने कहा कि सरकार की शह पर अवैध माइनिंग हो रही है। बरसात के बावजूद रात में अवैध माइनिंग जारी है। पीछे करीब 5 किलोमीटर तक नाके लगे होते हैं, लेकिन हमारे पहुंचते ही सभी ट्रक और मशीनें लेकर भाग गए। यही पंजाब सरकार की हालत है।
- पंजाबियों, पंजाब को लूटा जा रहा है: चन्नी ने कहा कि रात 12 बजकर 1 मिनट हो चुका है। 3 तारीख खत्म हो गई है और 4 अगस्त शुरू हो गई है, फिर भी अवैध माइनिंग जारी है। पंजाब के प्राकृतिक संसाधनों की खुलेआम लूट हो रही है। पंजाबियों, पंजाब को लूटा जा रहा है। इसे बचाना अब आप सबकी जिम्मेदारी है।
- अवैध माइनिंग में पुलिस की मिलीभगत: चन्नी ने कहा कि रात के समय खुलेआम अवैध कारोबार चल रहा है। यह काम रात करीब 10 बजे शुरू हो जाता है और सुबह 4 बजे तक चलता रहता है। प्रदेश में करीब 100 जगहों पर इसी तरह ट्रकों से अवैध माइनिंग का काम हो रहा है। इसमें पुलिस की भी मिलीभगत है। हर विधायक की टेबल पर पूरा हिसाब होता है कि कितने ट्रक भरे गए और उन्हें कहां भेजना है। यही आज पंजाब के हालात हैं।
- रेत और बजरी पंजाब का सोना है: चन्नी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कहते थे कि सरकार सालाना 20 हजार करोड़ रुपए राजस्व इकट्ठा करेगी। आज रेत और बजरी से हर महीने हजारों करोड़ रुपए की अवैध कमाई की जा रही है। पंजाब को लूटा जा रहा है। यह पैसा हमारे बच्चों की शिक्षा पर खर्च होना चाहिए था। इसी राजस्व से सरकार का कर्ज कम होना चाहिए था। रेत और बजरी पंजाब का सोना है, लेकिन इन्हें लूटा जा रहा है।
- अब सरकार को कोई पैसा नहीं मिल रहा: चन्नी ने दावा किया कि आज रेत 37 रुपए प्रति क्यूबिक फुट बिक रही है, जबकि हमारी सरकार के समय इसकी कीमत साढ़े पांच रुपए प्रति क्यूबिक फुट थी। उस समय राजस्व सरकार के खजाने में जाता था, लेकिन अब सरकार को कोई पैसा नहीं मिल रहा। सारा पैसा कुछ लोगों के घरों में जा रहा है। इन्होंने पंजाब को लूट लिया है।
कांग्रेस के बीच खींचतान चरम पर
चन्नी मौके पर करीब पांच घंटे रहे। गौर हो कि कांग्रेस के बीच खींचतान चरम पर है। इसी दौरान चन्नी ने देर रात को लाइव अवैध माइनिंग दिखाई है।