चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर CTU बस में लगी आग, इंजन में शॉर्ट सर्किट, पार्किंग एरिया में खड़ी थी; स्टाफ ने अधिकारियों से छिपाई घटना

शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया। बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर पहुंची चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) की एक बस के इंजन में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि उस समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

यह हादसा बुधवार को हुआ। यात्रियों को एयरपोर्ट छोड़ने के बाद बस पार्किंग एरिया में खड़ी थी। इसी दौरान इंजन में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। इंजन से धुआं और लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

ड्राइवर और एयरपोर्ट स्टाफ ने आग पर पाया काबू

आग लगते ही बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए अग्निशामक यंत्र से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम भी मौके पर पहुंच गई और संयुक्त प्रयास से जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास खड़े अन्य वाहनों और एयरपोर्ट परिसर को कोई नुकसान नहीं हुआ।

घटना छिपाने पर स्टाफ पर कार्रवाई की तैयारी

हादसे की जानकारी मिलने पर सीटीयू प्रबंधन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने पाया कि बस स्टाफ ने इतनी बड़ी घटना की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। इस पर प्रबंधन ने नाराजगी जताते हुए घटना की जानकारी छिपाने को गंभीर लापरवाही माना।

अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश

सीटीयू अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घटना की जानकारी छिपाने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। संबंधित स्टाफ के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आग लगने के कारणों की भी विस्तृत जांच कराई जा रही है।