गुरु हरिकृष्ण प्रकाश पर्व पर गोल्डन टेंपल में उमड़ी:श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया, गुरबाणी कीर्तन सुन अरदास की; रात में होगी दीपमाला

आठवें पातशाह श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के पावन प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर आज सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंजाब के अलावा देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगत गुरु घर में नतमस्तक होने पहुंची। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया और गुरबाणी कीर्तन का श्रवण कर गुरु घर का आशीर्वाद लिया।

गुरुपर्व के चलते श्री दरबार साहिब परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। संगत ने गुरु साहिब के चरणों में शीश झुकाकर परिवार और समूची मानवता की सुख-शांति, चढ़दी कला तथा सरबत के भले की अरदास की। परिसर में लगातार गूंज रहे गुरबाणी कीर्तन और वाहेगुरु के जाप से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा रहा।

श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश गुरुपर्व की बधाई दी

श्री हरमंदिर साहिब के मैनेजर गुरिंदर सिंह देवीदासपुरा ने संगत को श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश गुरुपर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने छोटी उम्र में ही मानवता की सेवा, दया, नम्रता और परोपकार की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने संगत से गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आने की अपील की।

रात में श्री हरमंदिर साहिब में विशेष दीपमाला की जाएगी

गुरुपर्व के अवसर पर रात के समय सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में विशेष दीपमाला की जाएगी। इसके साथ ही आतिशबाजी का भी आयोजन होगा। दीपमाला से रोशन श्री हरमंदिर साहिब का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।