सहारनपुर में गुरुवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कोतवाली देहात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को घायल हालत में गिरफ्तार किया।
उसके एक साथी को भी पकड़ लिया गया। गोली आरोपी के दाएं पैर में लगी। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, गोकशी के उपकरण, एक जिंदा गोवंश और पिकअप गाड़ी बरामद की है। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
बाबर कॉलोनी में गोवंश ले जाने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब एक बजे थाना प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह, सब इंस्पेक्टर निप्पी सिंह और पुलिस टीम शक्लापुरी कट पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बाबर कॉलोनी में कुछ लोग एक गोवंश को गोकशी के लिए ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों पर टॉर्च की रोशनी डालते ही उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। भागते समय आरोपियों ने दोबारा पुलिस पर गोली चलाई।
जवाबी फायरिंग में महमुद के पैर में लगी गोली
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें महमुद पुत्र बशीर अहमद के दाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
मौके से इरफान नाम के आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं, दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में आसपास के इलाके में कांबिंग कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहात थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।