पटना में छात्रों का प्रदर्शन, TRE-4 में बदलाव की मांग:स्टूडेंट से मिले चिराग; लाठीचार्ज पर तेजस्वी का तंज- चोर चोरी से जाए…सीनाजोरी से नहीं

पटना के गर्दनीबाग में BPSC TRE-4 में PT-मेन, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100% डोमिसाइल की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। छात्र 18 अगस्त से धरने पर हैं। छात्रों का कहना है कि जबतक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी, वो धरने पर बैठे रहेंगे।

मंगलवार शाम सांसद और LJP(R) के अध्यक्ष चिराग पासवान छात्रों से मिलने पहुंचे। उन्होंने छात्र नेता दिलीप कुमार के बैनर तले बैठे छात्रों से बात की। इस दौरान छात्रों ने अपनी मांगो को लेकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा और उसे सीएम सम्राट चौधरी तक पहुंचाने की अपील की।

छात्रों से मिलने के बाद चिराग सीएम सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे और उन्हें छात्रों की ओर से दिया गया ज्ञापन सौंपा।

मंगलवार को ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र CM हाउस का घेराव करने निकले। छात्रों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर पुलिस के साथ-साथ CRPF जवानों को भी तैनात किया गया, लेकिन छात्र बैरिकेडिंग तोड़ते हुए डाकबंगला पहुंच गए।

इस दौरान छात्रों की CRPF जवानों के साथ धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शन के दौरान एक छात्र का सिर फट गया, जबकि एक छात्रा बेहोश हो गई। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार के बीच प्रदर्शन कर रहे छात्र शैंपू लगाकर नहाते भी दिखे।

कुछ छात्रों ने पुलिस की ओर पत्थरबाजी भी की, जिसमें टाउन DSP कामाख्या नारायण सिंह घायल हो गए। कई पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है। हालात बिगड़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कुछ छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया है। छात्रों के प्रदर्शन के बीच बख्तरबंद गाड़ी भी बुलाई गई। इस गाड़ी का इस्तेमाल आमतौर पर नक्सल प्रभावित इलाकों में किया जाता है।

तेजस्वी बोले- सरकार छात्रों पर गोली छोड़ सकती, लाठीचार्ज नहीं

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने तंज करते हुए कहा कि चोर चोरी से जाए, सीनाजोरी से न जाए। उन्होंने कहा,AK-47 से छात्रों पर गोलियां बरसाने वाली निरंकुश NDA सरकार चौतरफा हुए आलोचना और विपक्ष के दबाव में आकर गोलीबारी तो छोड़ सकती है, लेकिन लाठीचार्ज नहीं छोड़ सकती। इस सरकार का छात्रों के प्रति तानाशाही रवैया खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। आज फिर आंदोलनरत छात्रों पर बिहार की जुल्मी सरकार ने अत्याचार किया।

‘हाथी चले बाजार..कुत्ते भौंके हजार’, बयान पर BPSC ने माफी मांगी

सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश कुमार सिंह से गर्दनीबाग में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कहा था कि “एक कहावत आपने सुना होगा, हाथी चले बाजार तो कुत्ते भौंके हजार।”

उनके इस बयान के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्र भड़क गए। एक बार कॉकरोच बोला गया था, तो प्रधान जी चले गए। अब सचिव की नौकरी जाएगी। विवाद बढ़ने के बाद BPSC एग्जाम कंट्रोलर ने वीडियो जारी कर माफी मांग ली है।

वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BPSC के एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।