राजस्थान में श्रीगंगानगर सबसे गर्म, पारा 40°C:2 सितंबर से फिर एक्टिव होगा मानसून, अब तक 22 फीसदी कम बारिश

राजस्थान में मानसून की बेरुखी बरकरार है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 1 सितंबर तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी में बने नए लो-प्रेशर सिस्टम के असर से 2 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।

रविवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा और धूप रही। सबसे ज्यादा गर्मी श्रीगंगानगर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिलानी (झुंझुनूं), चूरू, फलोदी, बीकानेर और जैसलमेर में भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।

रविवार को राज्य के कई हिस्सों में दिन में धूप रहने के साथ हल्की हवा चली। इससे कई शहरों के तापमान में मामूली गिरावट हुई। उमस से राहत रही। बाड़मेर, अजमेर, जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।