करनाल में दो दोस्तों को बंधक बनाकर पीटा:राड और सरियों से तोड़े हाथ-पैर, चिल्लाने पर रिवॉल्वर निकाल दी धमकी

करनाल में दो दोस्तों को फोन कर बुलाने के बाद कमरे में बंद करके मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल युवकों के अनुसार आरोपियों ने लोहे की राड और सरियों से हमला किया। जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और हड्डियां टूट गईं। परिजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकीय जांच के बाद पुलिस को शिकायत देने की तैयारी है।

मंगल ने फोन कर बुलाया, कमरे में किया बंद

घायल युवकों की पहचान जोगिंद्र और सागर के रूप में हुई है। घायल युवक जोगिंद्र व सागर ने बताया कि वह रामनगर का रहने वाला है और घर पर था। इसी दौरान मंगल का फोन आया और उसे बुलाया गया। उसका आरोप है कि शनिवार को भी उसके साथ मारपीट की योजना बनाई गई थी, लेकिन वह नहीं गया।

रविवार दोपहर मंगल ने दोबारा फोन कर बुलाया। वहां आशू नामक युवक भी था, जिसके पास रिवॉल्वर थी। दोनों दोस्तों को कमरे में बंद कर चिल्लाने पर ज्यादा मारने की धमकी दी गई।

मुखबिरी का आरोप लगाकर हमला करने की बात

घायल ने आरोप लगाया कि आरोपी मद्रासी मोहल्ले के रहने वाले हैं और उस पर उनकी मुखबिरी करने का आरोप लगाते हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। उसने आरोप लगाया कि युवक नशा करते और बेचते हैं। कमरे में उसे सरियों से पीटा गया और रिवॉल्वर दिखाकर डराया गया कि चिल्लाने पर गोली मार देंगे। उसके साथी के साथ भी मारपीट की गई।

मां और दादी ने की पुलिस कार्रवाई की मांग

घायल जोगिंद्र की मां शिमला ने बताया कि उसके बेटे को लोहे की राड से पीटा गया, जिससे उसकी हालत खराब हो गई। घायल सागर की दादी बाला ने कहा कि उसके पोते को घर से बुलाया गया था और किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि किसी अन्य लड़के ने दोनों को बचाकर कमरे से बाहर निकाला। परिजन अब पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे।