सुनीता आहूजा अकेली गणपति घर लाईं:पिछले साल गोविंदा के साथ जमकर थिरकी थीं, राधिका मर्चेंट- अनंत अंबानी समेत कई सेलेब्स ने किया बप्पा का स्वागत

गणेश चतुर्थी से एक दिन पहले रविवार को सुनीता आहूजा गणपति बप्पा को घर लेकर आईं। इस दौरान वह अकेली ही ढोल की थाप पर डांस करती नजर आईं। सुनीता आहूजा के ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फैंस ने सवाल किया कि इस खास मौके पर गोविंदा और उनके बच्चे उनके साथ क्यों नजर नहीं आए।

सुनीता आहूजा के अलावा बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों ने भी गणेशोत्सव को धूमधाम से मनाया। शिल्पा शेट्टी, हंसिका मोटवानी और धनश्री वर्मा समेत कई सितारों ने अपने घरों में गणपति बप्पा की स्थापना की और पूरे उत्साह के साथ गणेशोत्सव मनाया।

अमिताभ बच्चन भी हर रविवार की तरह इस बार भी फैंस से मिलने जलसा के बाहर आए। इस दौरान उन्होंने सफेद कुर्ते के साथ गणपति बप्पा मोरेया लिखा हुआ पटका पहना था।

अंबानी परिवार ने भी किया बप्पा का स्वागत

हर साल की तरह इस साल भी अंबानी परिवार ने भव्य तरीके से गणपति बप्पा का स्वागत किया। राधिका मर्चेंट भांजे को गोद में लिए हुए बप्पा के दर्शन करने पहुंचीं। अनंत अंबानी भी साथ मौजूद रहे।

गोविंदा की पत्नी सुनीता का भी बप्पा के आगमन का जश्न मनाते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि इस दौरान न गोविंदा दिखे और न ही उनके बच्चे। उन्होंने इस दौरान चप्पल भी नहीं पहन रखी थी।

पिछले साल गोविंदा के साथ जमकर थिरकी थीं सुनीता

दरअसल, पिछले साल गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते में अनबन और तलाक की चर्चाओं ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, गणेशोत्सव के दौरान दोनों साथ नजर आए थे। साथ आने और गणेश विसर्जन पर जमकर थिरकने पर तलाक की खबरों पर विराम लग गया था। ऐसे में इस बार गणपति बप्पा के स्वागत के दौरान गोविंदा की गैरमौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा है।

बता दें कि बीते साल दिसंबर में सुनीता ने गोविंदा से तलाक के लिए बांद्रा फैमिली कोर्ट में अर्जी डाली थी, हालांकि उन्होंने कुछ समय पहले ही वो अर्जी वापस ले ली है। ये फैसला तब सामने आया, जब गोविंदा लगातार मराठी एक्ट्रेस रानी स्वर्णकर के साथ स्पॉट हो रहे थे।

सलमान के परिवार में हर साल गणपति उत्सव मनता है

गौरतलब है कि सलमान खान समेत कई सेलेब्स के यहां गणपति बप्पा की स्थापना हर साल की जाती है। सलमान खान और उनका पूरा परिवार हर साल उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा और आयुष शर्मा के मुंबई स्थित घर पर बप्पा का स्वागत करता है। गणेश चतुर्थी पर उनका पूरा परिवार बहन अर्पिता खान शर्मा और आयुष शर्मा के मुंबई स्थित घर पहुंचता है। पिछले साल भी सलमान खान ने अपने माता-पिता सलीम और सलमा खान के साथ आरती की थी।

इस मौके पर खान परिवार के कई सदस्य पूजा में शामिल होते हैं। भाई अरबाज और सोहेल खान, बहन अलवीरा और बच्चे भी उत्सव का हिस्सा बनते हैं।

इसके अलावा सलमान के करीबी दोस्त रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा भी पिछले साल गणपति उत्सव में शामिल हुए थे।

सोनू सूद के घर हर साल गणपति बप्पा आते हैं

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के घर में गणपति बप्पा की स्थापना होती है। पिछले साल गणेशोत्सव के मौके पर बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की थी।

उन्होंने पहली बार मुंबई के घर में गणेश जी को लाने का अनुभव शेयर करते हुए बताया था कि मैं अंधेरी स्टेशन से बाइक पर बप्पा को लेने गया था। उस समय बस यही प्रार्थना की थी कि जिस सफर में निकले, उसमें बप्पा का साथ कभी न छूटे। आज जब मैं आप लोगों के साथ खड़ा हूं, तो लगता है बप्पा से मांगी दुआ कबूल हुई।

सोनू ने कहा था कि बप्पा विघ्नहर्ता हैं, जो हमेशा रास्ता दिखाते हैं और परेशानियां दूर कर देते हैं। जब उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें बप्पा से कोई सुपरपावर चाहिए तो वह क्या होगी, तो सोनू ने कहा, “मैं चाहता हूं बप्पा हर किसी को शक्ति दें जिससे देश-दुनिया की मुश्किलें खत्म हो सकें।

पलक मुछाल के घर बप्पा विराजे थे

2025 में मशहूर सिंगर पलक मुछाल के घर भी गणपति बप्पा विराजे थे। हर साल की तरह उन्होंने पूरे उत्साह के साथ बप्पा का स्वागत किया था। इस मौके पर उन्होंने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की थी।

पलक ने बताया था कि उनके लिए गणपति उत्सव सिर्फ एक त्योहार नहीं है। यह उनके लिए आस्था और भावनाओं से जुड़ा खास समय है।

उन्होंने कहा था कि उनके जीवन की खुशियां, सफलता और उपलब्धियां बप्पा की कृपा से मिली हैं। इसलिए गणेशोत्सव उनके लिए साल का सबसे पसंदीदा समय है।

पलक ने कहा था कि बप्पा के आने से माहौल में उमंग और सकारात्मकता भर जाती है। उन्होंने बताया था कि इन दिनों वह काफी भावुक हो जाती हैं। हर साल बप्पा को धन्यवाद देने की उनकी वजहें और बढ़ जाती हैं।