सिरसा में मंगलवार को बहनोई और पिता द्वारा युवक जसवंत सिंह (32) की गोलियां मारकर हत्या मामले में हमलावर आारोपियों को सुराग नहीं लगा है। इस कारण मृतक के परिजनों में रोष का माहौल बना हुआ है और उन्होंने पुलिस थाने का घेराव कर प्रदर्शन तक की चेतावनी दे डाली है। अभी तक मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम भी नहीं हो पाया है।
परिजनों का कहना है कि हत्यारोपी जमीन जायदाद वाले हैं और आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस से सांठगांठ कर ली है। इस वजह से पुलिस उनको पकड़ नहीं रही और वे हत्या के बावजूद खुलेआम घूम रहे हैं। इससे उनको जान का खतरा बना हुआ है और घर से अकेले बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में पुलिस से मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतक की पत्नी जश्नप्रीत का कहना है कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। यदि पुलिस ने उनको गिरफ्तार नहीं किया, तो वे ठोस कदम उठाने को मजबूर होंगे। इसके लिए वे प्रशासन से भी मिलेंगे। अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। यहां तक कि सुरक्षा के लिए पुलिस भी नहीं है।
गोली के खोल व चद्दर कब्जे में ली
घटना के बाद पुलिस ने हत्या वाली जगह को सील कर दिया है। पुलिस और फोरंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल से पांच से छह गोलियों के खोल बरामद किए हैं। एक गोली दीवार पर लगने का निशान पाया गया है। बेड की चद्दर पर गोली लगने से छेद और उसमें खून के धब्बे लगे मिले हैं। एक्सपर्ट की टीम ने इनको कब्जे में ले लिया है और जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे।
बेटे को नहीं अहसास, उसके पिता नहीं रहे
जसवंत सिंह के बेटे को अहसास तक नहीं कि उसके पिता नहीं रहे। 5 वर्षीय अरमान सिंह को परिसार के बाकी सदस्य संभाल रहे हैं और घर के अंदर ही रखा गया है। पत्नी जश्नप्रीत 8 माह की गर्भवती है और वह न तो सही से रो पा रही और न ही दु:ख बयां कर पा रही। पति की मोत के बाद बेटे अरमान के साथ-साथ पेट में पल रहे शिशु की भी चिंता है।
पत्नी को पेट में पल रहे शिशु की चिंता
ऐसे में परिवार वाले उसे धैर्य बनाएं रखने और नीचे बैठने से परहेज रखा हुआ है। परिवार को डर है कि कहीं शिशु को कुछ न हो जाए। जसवंत के जाने से परिवार का सहारा छीन गया है और घर में कोई कमाने वाला नहीं रहा। परिवार को उसकी भी चिंता होने लगी है।
हत्यारोपियों की दबिश में जुटी पुलिस
पुलिस हत्यारोपियों तक दबिश में जुटी है और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। पुलिस के अनुसार, युवक पर भी क्रिमिनल केस दर्ज है। पुलिस उसका रिकॉर्ड खंगालने में लगी है। आरोपी पंजाब का रहने वाला है और मृतक की पत्नी का भी मायका पंजाब में हैं। ऐसे में आरोपियों के पंजाब में भागने का शक है।
पिता और जीजा पर हत्या का आरोप
परिवार का हत्या का आरोप पिता और जीजा गुरजंट सिंह पर है। जश्नदीप ने गुरजंट को तो पहचान लिया, पर बाकी आरोपी चेहरा ढके हुए थे। उनमें ससुर के भी होने का शक जताया है। बताया गया है कि पिछले कुछ दिनों से पिता और पुत्र के बीच जमीन को लेकर घरेलू विवाद चल रहा था। इस कारण पिता कुछ दिनों से अपनी बेटी के पास ससुराल (पंजाब के बठिंडा के गांव कामलो) में रह रहा था।
आरोप है कि पिता अपने दामाद और कुछ लोगों के साथ घर पहुंचा। आरोपी घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और पत्नी की गर्दन पर तलवार रखकर जसवंत को गोलियां मार दी। इसके बाद सभी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अभी शव को सिविल अस्पताल में रखा गया है।