पंजाब के निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वत मामले में गुरुवार को CBI की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। भुल्लर को बुड़ैल जेल से कोर्ट लाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने ASI शेर सिंह की ड्यूटी लगाई थी। सुनवाई के दौरान CBI ने इस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि शेर सिंह खुद सीबीआई के रिश्वत केस में आरोपी है। उसी अदालत में उसके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। इस पर CBI जज ने चंडीगढ़ SSP को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
ASI शेर सिंह उस समय सेक्टर-43 पुलिस चौकी में तैनात था। CBI के मुताबिक, 11 मार्च 2025 को शेर सिंह और उसके बिचौलिए रिंकू को 54,400 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि बुड़ैल निवासी दविंद्र सिंह के खिलाफ चेक बाउंस मामले में FIR दर्ज थी और वह अदालत से भगोड़ा घोषित हो चुका था।
गिरफ्तारी से बचाने के लिए शेर सिंह ने दविंद्र से डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। दविंद्र ने इसकी शिकायत CBI से की। इसके बाद CBI ने ट्रैप लगाकर शेर सिंह और रिंकू को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इस मामले की सुनवाई भी CBI की विशेष अदालत में चल रही है।
हाईप्रोफाइल केस में ड्यूटी क्यों? गुरुवार को जब भुल्लर को शेर सिंह सुरक्षा में कोर्ट लेकर पहुंचा तो CBI ने इस पर आपत्ति जताई। CBI की ओर से अदालत में सवाल उठाया गया कि जिस पुलिसकर्मी के खिलाफ खुद भ्रष्टाचार का केस चल रहा है, उसे इतने हाईप्रोफाइल रिश्वत मामले में आरोपी की सुरक्षा में कैसे तैनात किया गया।
CBI की आपत्ति के बाद जज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चंडीगढ़ SSP को जांच करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह देखा जाएगा कि शेर सिंह की ड्यूटी भुल्लर की सुरक्षा में किस स्तर पर लगाई गई और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी कौन थे।
शिकायतकर्ता आकाश बत्ता की गवाही पूरी भुल्लर के खिलाफ चल रहे रिश्वत मामले में शिकायतकर्ता आकाश बत्ता की गवाही भी गुरुवार को पूरी हो गई। पिछली सुनवाई में आकाश ने अदालत में निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा की पहचान की थी।
CBI को दिए अपने पुराने बयानों को दोहराया आकाश ने दोनों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए CBI को दिए अपने पुराने बयानों को दोहराया था। गुरुवार को उसकी बाकी गवाही भी पूरी हो गई। अब बचाव पक्ष की ओर से आकाश का क्रॉस एग्जामिनेशन मामले की सुनवाई में अहम होगा।
भुल्लर के घर से करोड़ों और सोना बरामद CBI ने पिछले साल हरचरण सिंह भुल्लर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद सेक्टर-40 स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई थी। CBI के मुताबिक, यहां से करीब 7.5 करोड़ रुपए नकद, ढाई किलो सोना और महंगी घड़ियां बरामद हुई थीं। भुल्लर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज किया गया है। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रहा है।