पानीपत के थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग घरों में चोरी के मामले सामने आए हैं। गांव कानड़ी में चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। वहीं, कुलदीप नगर में लोहे की पेटी में रखे करीब ढाई लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। दोनों मामलों में महिलाओं ने पुलिस को शिकायत देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है।
गांव कानड़ी निवासी नारो ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे उसका पति और बच्चे दूसरे मकान में चल रहे काम को देखने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे उसकी बेटी घर वापस पहुंची, तो सामान बिखरा हुआ था। अलमारी खुली पड़ी थी और कपड़े व अन्य सामान इधर-उधर फैला हुआ था।
ये सामान ले गए चोर
नारो के अनुसार जांच करने पर अलमारी से सोने की दो पुरुषों की अंगूठियां, सोने की एक जोड़ी महिला की बालियां, चांदी की दो जोड़ी पाजेब और 20 हजार रुपए नकद गायब मिले। इसके अलावा उसके और उसके पति के आधार कार्ड व पैन कार्ड, एक प्लॉट के कागजात तथा पति की जन्मपत्री भी नहीं मिली। महिला ने अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कुलदीप नगर में लोहे की पेटी से जेवर चोरी
दूसरे मामले में कुलदीप नगर में स्टार मेडिकल स्टोर के पास रहने वाली किरण ने बताया कि 4 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे उसने घर में रखी लोहे की पेटी चेक की। पेटी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। आसपास तलाश करने के बावजूद सामान नहीं मिला तो उसने पुलिस को शिकायत दी।
मकान से ये सामान हुआ चोरी
शिकायत के मुताबिक चोरी हुए सामान में सोने का माथा टीका, करीब 5 ग्राम की एक जोड़ी सोने की झुमकी, करीब एक ग्राम की सोने की माथे की बिंदिया, करीब 3 ग्राम की झुटिया, डेढ़ तोले की दो सोने की चेन, एक चांदी की पाजेब और करीब 10 ग्राम के दो चांदी के कड़े शामिल हैं। महिला ने चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई है।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
दोनों शिकायतों के आधार पर थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही कुलदीप नगर के मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।