लखनऊ में बाढ़ से 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित:बिहार के 18 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; बद्रीनाथ जाने वाले रास्ते पर लैंडस्लाइड, रास्ता बंद

मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के ऊपर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुआ है। इसके चलते राज्य में मौसम फिर से बदल गया है। लखनऊ में गोमती नदी उफान पर है। इससे करीब 10 गांव बाढ़ में घिर गए हैं। 40 हजार से ज्यादा घर आधे से ज्यादा डूबे हुए हैं। 3 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है।

बिहार के 18 जिलों में बारिश और आंधी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा समेत अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। नैनीताल में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

चमोली में बद्रीनाथ नेशनल हाइवे लैंडस्लाइड से बंद हो गया है। इससे हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों यात्री और वाहन फंस गए हैं। 500 से ज्यादा लोग रास्ते में फंस गए हैं।