पानीपत में स्कूल बस ने लेडी टीचर को कुचला:सड़क पर दूर तक घसीटती गई, मौके पर मौत, भीड़ देख भागा ड्राइवर; एक बेटे की मां थी

पानीपत में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में 35 वर्षीय लेडी टीचर की मौत हो गई। घर से तैयार होकर स्कूल जा रही टीचर को गोहाना बाईपास के पास तेज रफ्तार स्कूल बस ने कुचल दिया। टीचर बस के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गईं।

लोगों ने शोर मचाकर ड्राइवर से बस रुकवाई, मगर तब तक टीचर की मौत हो चुकी थी। लोगों ने उन्हें सिविल अस्पताल भी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई, जिसे देखकर आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका एक बेटी मां थी।

हादसे वाली जगह पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके चलते वहां अमूमन भी ट्रैफिक स्लो रहता है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए तो वाहनों के पहिए थम गए। पुलिस ने एक-एक कर वाहनों को मौके से निकालवाया। करीब 1 घंटे तक यातायात इसी तरह प्रभावित रहा।

कैसे हुआ टीचर के साथ हादसा, सिलसिलेवार जानिए…

  • स्कूल जाने के लिए कुछ दिनों पहले ही सीखी थी स्कूटी : मृतका की पहचान शीतल निवासी न्यू मुखीजा कॉलोनी, पानीपत के रूप में हुई। वह छिछड़ाना गांव के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी। अस्पताल पहुंचे पति सुमित कुमार ने बताया कि स्कूल में आने-जाने में हो रही समस्याओं को देखते हुए शीतल ने कुछ दिन पहले ही स्कूटी चलाना सीखा था। इसके बाद उसने नई स्कूटी भी ली थी। अब वह इस स्कूटी से ही आने-जाने लगी थी।
  • स्कूल जाने के लिए सुबह घर से निकली थी: पति के मुताबिक, शुक्रवार सुबह शीतल अपनी इसी स्कूटी से सवार होकर रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए निकली। जैसे ही वह अपने घर की कॉलोनी न्यू मुखीजा कॉलोनी के रोड से बाहर मुख्य मार्ग गोहाना बाईपास रोड पर जाने के लिए चढ़ी तो इसी दौरान सड़क पर आ रही एक तेज रफ्तार निजी स्कूल की बस में जोरदार टक्कर मार दी।
  • बस के साथ काफी दूर तक घसीटती चल गई : टक्कर लगने के बाद शीतल बस में साथ काफी दूर तक घसीटती चली गई। राहगीरों ने शोर मचा दिया और ड्राइवर को रुकवाया। ड्राइवर ने बस रोकी और उतर कर टीचर के पास पहुंची। मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
  • राहगीरों ने पहचान कर परिवार को जानकारी दी: हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ में से एक परिचित महिला ने शीतल को पहचान लिया और तुरंत इसकी जानकारी उनके परिवार वालों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे सिविल अस्पताल ले गए। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे अमृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने ली परिवार से हादसे की जानकारी

हादसे की सूचना मिलने पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार से मृतका के बारे में जानकारी ली। परिवार ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पता चला है कि यह बस न्यू इरा स्कूल की है। स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया गया है। उसके ड्राइवर के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।