हरियाणा के फरीदाबाद में 10वीं के छात्र की मौत पर बवाल हो गया। दरअसल, छात्र देर रात साथ पढ़ने वाली लड़की के घर गया था। इसके बाद परिवार को सूचना मिली कि उनके बेटे ने लड़की के घर में फंदा लगा लिया है, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसकी सूचना मिलते ही छात्र के परिजन बड़ी संख्या में लोगों के साथ लड़की के घर पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कार्रवाई शुरू की, तो आक्रोशित लोगों ने लड़की के घर में तोड़-फोड़ शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ने पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसमें 2 पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया।
उधर, लड़की के परिवार ने छात्र पर बेटी को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस बारे में पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन छात्र नहीं माना। फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कैसे हुआ घटनाक्रम, पुलिस की जांच में ये बातें सामने आईं…
- सहपाठी लड़की के घर पहुंचा था किशोर : मृतक की पहचान साई नगर पार्ट-2 निवासी अर्जुन (17) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अर्जुन साई नगर पार्ट-2 का रहने वाला था और गुरुवार की रात उसी स्कूल में पढ़ने वाली लड़की के घर पहुंचा था।
- फंदे पर लटका, सूचना पर पहुंचे परिजन : लड़की मवई स्थित शिव शक्ति एन्क्लेव में रहती है। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस को सूचना दी गई कि अर्जुन से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंद से उतार कर जांच शुरू की। इसी सूचना मिलते ही अर्जुन के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
- पुलिस कार्रवाई के विरोध में पथराव किया: शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की पुलिस कार्रवाई का उन्होंने विरोध किया। देखते ही देखते मौके पर हंगामा बढ़ गया और लड़की के घर में तोड़फोड़ शुरू हो गई। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें 2 पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
- अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाकर शांत कराया : हालात बिगड़ने पर पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और अर्जुन को शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। एहतियात के तौर पर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया।
छात्र के पिता बोले-लड़की के परिवार ने ही बेटे को मारा
मृतक लड़के के पिता भूषण ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के नालंदा के रहने वाले है और पिछले करीब 18 सालों से फरीदाबाद के साई नगर में रह रहे है। अर्जुन उनका दूसरे नंबर का बेटा था। उसका एक बड़ा भाई और तीन बहने हैं।
गुरुवार को 2 बजे बेटा स्कूल से आया था। करीब ढाई बजे एक युवक उसको बुलाकर ले गया। शाम साढ़े 4 बजे एक महिला ने उनको आकर बताया कि उसके बेटे की मौत हो गई। इसके बाद वह लड़की के घर पहुंचे, जहां पर उसके बेटे का शव रस्सी से लटका हुआ था।
आरोप है कि लड़का-लड़की दोनों एक दूसरे को करीब 2 साल से जानते थे। इसको लेकर कुछ समय पहले स्कूल में बैठक की गई थी। तब से हमारे बेटे ने उनकी गली की तरफ जाना बंद कर दिया था। लड़की के परिवार ने ही उनके बेटे को मारा है।
लड़की के परिजन बोले- बेटी को करता था परेशान
उधर, लड़की के परिवार ने पुलिस को बताया कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। अर्जुन उनकी बेटी को परेशान करता था। इस संबंध में उन्होंने स्कूल में शिकायत भी की थी। परिवार का दावा है कि उस समय किशोर के परिजनों ने माफी मांग ली थी। देर रात अर्जुन उनके घर में घुस आया और वहाँ फंदा लगाकर जान दे दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की स्थिति
खेड़ी पुल थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है। रात के समय किशोर के परिजनों ने हंगामा किया और लड़की के घर में तोड़-फोड़ की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।