2 करोबारी भाइयों की हत्या, मां बोली-हत्यारों का खून चाहिए:पीलीभीत में अंधाधुंध फायरिंग में 20 साल के राहगीर की भी जान गई

पीलीभीत में 2 सगे कारोबारी भाइयों समेत 3 लोगों की हत्या कर दी गई। एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक, रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर वारदात हुई। सोमवार रात 9:30 बजे कारोबारी भाई दूसरे गुट के घर पहुंचे। इसी दौरान कहासुनी हो गई।

दूसरे गुट के लोगों ने घर से लाठी-डंडे निकालकर दोनों भाइयों को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों भाई और उनके साथ गया रिश्तेदार घायल हो गया। रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर को भी गोली लग गई।

चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों कारोबारी भाइयों और राहगीर की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कारोबारी भाई मोहित गुप्ता (38), अंकित गुप्ता (30) और राहगीर कुणाल श्रीवास्तव (18) के रूप में हुई है। घायल रिश्तेदार की पहचान रोज गुप्ता (20) के रूप में हुई है।

घटना जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर अमरिया थाना क्षेत्र की है। वारदात के बाद कारोबारी के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। कारोबारी भाइयों की मां नन्ही देवी ने रोते हुए कहा- खून के बदले खून चाहिए।

  • अमरिया कस्बे में रहने वाले कौशल गुप्ता और चंद्र प्रकाश गुप्ता के परिवार में लंबे समय से रामलीला कमेटी में 20-22 लाख के चंदे को लेकर विवाद चल रहा था। कौशल कमेटी में मेंबर हैं, जबकि चंद्र प्रकाश का बेटा सूरज अध्यक्ष है। कमेटी हर साल कस्बे में रामलीला का आयोजन कराती है।
  • 9 अक्टूबर को कमेटी की बैठक हुई। इसमें कौशल ने सूरज से 4 साल के चंदे का हिसाब-किताब मांगा। इसी बात पर दोनों में बहस हो गई। लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। सोमवार शाम करीब 6 बजे कस्बे में एक कार्यक्रम में फिर से दोनों का आमना-सामना हो गया। दोनों के बीच बहस होने लगी। लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया।
  • रात 9:30 बजे चंद्र प्रकाश के भाई नरेश गुप्ता के बेटे कारोबारी मोहित और अंकित गुप्ता साथियों के साथ कौशल गुप्ता के घर पहुंच गए। जहां दोनों गुटों में गाजी-गलौज और मारपीट होने लगी। देखते ही देखते कौशल ने अपने भाई हर्षित और चाचा संतोष गुप्ता समेत अन्य लोगों के साथ लाइसेंसी राइफल और तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले।
  • फायरिंग में अंकित और मोहित को गोली लग गई। मोहित के परिवार के रोज गुप्ता और पास से गुजर रहे राहगीर कुणाल श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अंकित और कुणाल को मृत घोषित कर दिया।
  • गंभीर रूप से घायल मोहित गुप्ता को बरेली रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसने रात 11 बजे दम तोड़ दिया। वहीं, चौथे घायल रोज गुप्ता का बरेली में इलाज चल रहा है।

    SP बोले- मुख्य आरोपी समेत 8 लोग हिरासत में

    वारदात की सूचना पर एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित गुप्ता, पिता नरेश गुप्ता, चाचा संतोष गुप्ता और चचेरे भाई रचित गुप्ता समेत 8 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।

    अब मृतक और आरोपी कारोबारियों के बारे में जानिए-

    रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सूरज गुप्ता का सरिया सीमेंट का कारोबार है। सूरज के चचेरे भाई अंकित हार्डवेयर और मोहित सर्राफा कारोबारी थे। दोनों भाइयों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घायल रोज गुप्ता भी सर्राफा कारोबारी है।

    अंकित की शादी तीन साल पहले खुशबू से हुई थी। मोहित की शादी 10 साल पहले नेहा के साथ हुई थी। दोनों के बच्चे नहीं हैं। परिवार में सबसे बड़ा भाई रोहित बचा है। रोहित की पत्नी का नाम शिवानी है, उनका एक साल का बेटा रेयांश है।

    आरोपी और मृतकों के घर एक ही गली में 200 मीटर की दूरी पर हैं। मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता अपने घर में ही कपड़ों की दुकान चलाता है, जबकि चाचा संतोष सर्राफा कारोबारी है। वारदात में जान गंवाने वाले राहगीर कुणाल कस्बे में बुक डीपो में काम करता था।