प्रहलाद गुंजल ने ओम बिरला के OSD को दी धमकी:कहा-राज बदलने दो सबका हिसाब होगा, दत्ता की ऐसा हालत बिगाडूंगा, सोचेगा आत्महत्या करूं

कोटा में कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के खिलाफ शहर के रानपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एक वीडियो के आधार पर कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र चौधरी ने यह मामला दर्ज करवाया है। यह वीडियो 21 अक्टूबर का कोलाना गांव का शाम करीब 7 बजे का है। इसमें लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता को खुली धमकियां दे रहे हैं।

1 मिनट 17 सेकंड के इस वीडियो में गुंजल कह रहे हैं- उन लोगों के सामने हमारी बात खराब मत करो, जों चमचों की भी चमचागिरी करें। दो कौड़ी के थानेदार का गुरु पूर्णिमा के रोज पैरों में धोक देकर तिलक लगा के पूजा करते हुए फोटो छपा। सारे राजस्थान में थू-थू हुई… दत्ता जी हमारे गुरु… क्या है दत्ता? जितनी गुंडागर्दी कर रहा है… इतने लोगों के सामने कह रहा हूं, राज बदलने दो। दत्ता की यह हालत बिगाड़ूंगा कि घर में बैठे-बैठे यह सोचेगा कि मैं आत्महत्या करूं या गोली लेकर किसी को मारूं।

इतना तो पाप कर लिया यार उन लोगों ने… कितने लोगों को उजाड़ दिया… अभी कम किया क्या तुम्हारे गांव के साथ…? मैं ही चलाकर आया… किसी ने नहीं बुलाया मुझे… लक्ष्मणजी को मैंने ही फोन करके कहा कि यार यह तो जुल्म है… कुछ भी करो एक विरोध प्रोटेस्ट तो करो…।

बिना अनुमति सभा, करने और लोगों को धमकाने का आरोप

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मंदिर में बिना अनुमति सभा करने, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने, लोगों को उकसाने और धमकी देने के आरोप हैं।

दूसरा-वीडियो की जांच में पाया गया कि प्रहलाद गुंजल सभा में लोगों को उकसा रहे हैं और वे लोकसभा स्पीकर के ओएसडी राजीव दत्ता को लेकर भी धमकियां दे रहे हैं। इस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 223(a), 132, 308(2) और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सबूत के तौर पर सभा के वीडियो वाली पेन ड्राइव को रिकॉर्ड पर लिया है।

प्रचार बंद करने के बाद लोगों से संवाद किया- प्रहलाद गुंजल

इस बारें में प्रहलाद गुंजल का कहना है कि प्रचार का समय बंद होने के बाद मैंने यह बात कही लेकिन यह कोई सभा नहीं थी। यह लोग पुलिस प्रशासन से कई तरह के गलत काम करवा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजीव दत्ता के दबाव में प्रशासन इस तरह बिना रीढ़ की हड्डी वाली हरकत कर रहा है। मेरे खिलाफ रोज एक एफआईआर करें, तब भी मैं डरने वाला नहीं हूं।

डराने-धमकाने से कोई खुद को अर्जुन अवॉर्डी नहीं समझे। राज बदलेगा तो सबका हिसाब-किताब होगा। कौन नहीं जानता कि ये लोग क्या कर रहे हैं, भय का माहौल नहीं हैं क्या?