हरभजन हत्याकांड में करनाल की महिला गिरफ्तार:पंचकूला फायरिंग केस में अंबाला जेल में थी बंद, विदेश में बैठे मुख्यारोपी की मां

यमुनानगर के मॉडल टाउन में जिम के पास 3 सितंबर की सुबह हुए फाइनेंसर हरभजन उर्फ जैदी हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस बार पुलिस ने करनाल जिले के गांव औगंढ निवासी मीना (50) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मीना विदेश में बैठे फायरिंग करवाने के मुख्य आरोपियों में शामिल अरविंद उर्फ गिल्ली की मां है। आरोप है कि अरविंद ने ही यमुनानगर में शूटरों और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को सहयोग उपलब्ध करवाया था।

पंचकूला फायरिंग केस में अंबाला जेल में बंद थी

जांच के दौरान उसकी मां की संलिप्तता भी सामने आई है। मीना पहले से पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित एक क्लब में फायरिंग के मामले में अंबाला जेल में बंद थी। यमुनानगर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।

सीआईए-2 की टीम अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि हत्याकांड में सहयोग करने वाले अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

अब से पहले आठ आरोपी हो चुके गिरफ्तार

हत्याकांड में इससे पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें कुरुक्षेत्र निवासी विशाल और किशन शामिल थे। विशाल पर वारदात में शामिल आरोपियों को मोटरसाइकिल उपलब्ध करवाने का आरोप है, जबकि किशन ने अन्य प्रकार की सहायता की थी।

कुरुक्षेत्र निवासी आर्यन और राकेश को थाना छप्पर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी थी। दोनों की भूमिका हत्याकांड में हथियार उपलब्ध करवाने और अन्य तकनीकी सहायता देने से जुड़ी थी।

विदेश से मिल रही थी सहायता

इसके बाद नीलोखेड़ी, करनाल निवासी मोहित और मनीष को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दोनों हत्या की वारदात को अंजाम देने की पूर्व योजना के तहत यमुनानगर आए थे।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि विदेश में बैठे बदमाशों के हैंडलर और स्थानीय सहयोगी आरोपियों को तकनीकी तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध करवा रहे थे। इसी क्रम में विदेश में बैठे बदमाशों से जुड़े जगाधरी निवासी गर्विश नंदा के नेटवर्क की जांच की गई।

पहले मां-बेटे को किया जा चुका गिरफ्तार

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर गर्विश नंदा के भाई रुशील नंदा और उसकी मां को भी गिरफ्तार किया था। आरोप है कि दोनों ने वारदात में शामिल आरोपियों को रेकी और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने में सहयोग किया।

पुलिस के अनुसार, गर्विश नंदा के परिवार से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच के बाद अब अरविंद उर्फ गिल्ली की मां मीना की गिरफ्तारी हुई है। मीना पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित क्लब में फायरिंग के मामले में अंबाला जेल में बंद थी। यमुनानगर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।

सीआईए-2 इंचार्ज ने बताया कि आरोपी से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि हत्याकांड के लिए शूटरों और अन्य आरोपियों को किस प्रकार सहायता उपलब्ध करवाई गई तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।