प्रयागराज में जमीन के नीचे गड़े तीन ड्रमों से करोड़ों रुपए के कैश मिले। ड्रमों में 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं आयकर विभाग की टीम आज यानी गुरुवार को इन नोटों की गिनती करेगी। बताया जा रहा है बरामद कैश करीब 4 से 5 करोड़ रुपए के बीच है। मामला नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव का है।
ऐसे लगी पुलिस को भनक, जमीन खोदकर निकाले ड्रम
पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर शाम सूचना मिली कि बरईपुर रामनगर निवासी राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर में चोरी के रुपए जमीन में गाड़कर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी गंगानगर पुष्कर वर्मा समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर की तलाशी के दौरान जमीन में दबाकर रखे गए तीन ड्रम मिले। इनमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। पुलिस ने नकदी को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
लॉकडाउन के दौरान पुणे से आया था परिवार
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि राकेश यादव का भाई बबलू यादव कई साल से पुणे में रहता था। वर्ष 2020 में कोरोना लॉकडाउन के दौरान वह अपने दो जीजा और साढ़ू के साथ गांव आया था। आशंका है कि बरामद रकम का संबंध इसी दौरान गांव लाई गई नकदी से हो सकता है।
गांव वालों का दावा- कुछ साल में खरीदी कई बीघा जमीन
ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव ने पिछले कुछ वर्षों में 50 बीघा जमीन खरीदी है। करीब 1.5 करोड़ रुपए की लागत से मकान बनवाने के साथ दो ट्रैक्टर और डीजे भी खरीदा है।
डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया-
बुधवार को रात अधिक होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया था। राकेश के घर के आसपास पुलिस को तैनात किया गया है। जमीन के नीचे दबाए गए तीन ड्रमों से करोड़ों रुपए मिले हैं। आयकर विभाग और संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी गई है।