चंडीगढ़ में अग्निवीरों को भर्ती में 5 साल की छूट:रिजर्व वर्ग को डबल लाभ; पोस्ट खाली रहीं तो पंजाब-हरियाणा के युवाओं को मौका

चंडीगढ़ प्रशासन ने मुलाजिम भर्ती नियमों में संशोधन कर एक्स-अग्निवीरों को राहत दी है। अब जेल विभाग में वार्डर की भर्ती में उन्हें आरक्षण और आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

खास बात यह है कि इस भर्ती में सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि पंजाब और हरियाणा के मूल निवासी एक्स-अग्निवीरों को भी मौका दिया जाएगा।

नए नियमों के अनुसार, आरक्षित पदों पर सबसे पहले चंडीगढ़ यूटी के मूल निवासी एक्स-अग्निवीरों को मौका मिलेगा। यदि योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने से सीटें खाली रह जाती हैं, तो इन पदों को पंजाब और हरियाणा के मूल निवासी एक्स-अग्निवीरों से भरा जा सकेगा।

जेल वार्डर भर्ती में उम्र की सीमा में छूट जेल वार्डर के पदों पर भर्ती के लिए एक्स-अग्निवीरों को अधिकतम आयु सीमा में 3 साल की छूट मिलेगी। वहीं, अग्निवीर योजना के पहले बैच के उम्मीदवारों को 5 साल की छूट दी जाएगी। यह छूट एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों को सरकारी नियमों के तहत मिलने वाली आयु सीमा में छूट के अतिरिक्त होगी।

27 अक्टूबर को जारी हुए आदेश गृह विभाग की ओर से इस संबंध में 27 अक्टूबर को फैसला लिया गया था। इसके बाद इस संबंधी यह आदेश जारी कर दिए गए है। उम्मीद है कि इससे काफी फायदा होगा।

अग्निवीर भर्ती: उम्र, योग्यता और चयन प्रक्रिया

अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू हुई थी। इसके तहत थल सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए अग्निवीरों की भर्ती की जाती है। भर्ती की प्रक्रिया और योग्यता तीनों सेनाओं में अलग-अलग होती है।

1. उम्र कितनी होनी चाहिए?

अग्निवीर भर्ती के लिए न्यूनतम उम्र 17 साल 6 महीने है। अधिकतम उम्र सामान्यतः थल सेना में 22 साल और नौसेना-वायुसेना में 21 साल होती है। अंतिम उम्र सीमा संबंधित भर्ती के नोटिफिकेशन से तय होती है।

2. क्या पढ़ाई जरूरी?

पद के अनुसार 8वीं, 10वीं या 12वीं पास होना जरूरी है। जनरल ड्यूटी और नौसेना मैट्रिक रिक्रूट (मैट्रिक रिक्रूट) के लिए सामान्यतः 10वीं, जबकि टेक्निकल, क्लर्क, SSR और वायुसेना के कई पदों के लिए योग्यता 12वीं चाहिए।

3. फिजिकल टेस्ट में क्या होता है?

दौड़, पुश-अप्स, सिट-अप्स, पुल-अप्स और शारीरिक माप की जांच होती है। मानक पद और सेना के अनुसार अलग होते हैं।

4. साल में कितनी बार भर्ती निकलती है?

इसकी कोई निश्चित संख्या नहीं है। तीनों सेनाएं अपनी जरूरत और रिक्तियों के अनुसार साल में एक या अधिक भर्ती अधिसूचनाएं जारी कर सकती हैं।

5. कितनी बार आवेदन कर सकते हैं?

प्रयासों की कोई अलग निश्चित सीमा नहीं है। उम्र और योग्यता की शर्तें पूरी करने तक उम्मीदवार अलग-अलग भर्ती चक्रों में आवेदन कर सकता है।

6. क्या लड़कियां आवेदन कर सकती हैं?

हां। आर्मी में महिला सैन्य पुलिस, नौसेना में SSR और MR तथा वायुसेना में अग्निवीरवायु के लिए महिलाओं को अवसर मिलते हैं।