21 करोड़ का घोड़ा ‘गोल्डन किंग’, 800-किलो का ‘छोटा सुल्तान’:100 बाउंसरों के साथ ‘बादल’ की एंट्री, स्वागत में लुटाई नोटों की गड्‌डी

पुष्कर के रेतीले धोरों में इन दिनों सिर्फ ऊंटों की चाल और घोड़ों की टाप नहीं गूंज रही, बल्कि देशभर से आए बेशकीमती पशु भी मेले की शान बढ़ा रहे हैं।

कहीं 21 करोड़ रुपए कीमत का ‘गोल्डन किंग’ आकर्षण का केंद्र है तो कहीं 100 बाउंसरों के साथ सुरक्षा घेरे में ‘बादल’ की शाही एंट्री और स्वागत में लुटाई नोटों की गड्डी चर्चा बटोर रही है। 800 किलो वजन का भैंसा ‘छोटा सुल्तान’ भी लोगों को अपनी ओर खींच रहा है।

दुनिया की सबसे छोटी नस्ल की गायों से लेकर यूरोप की शेटलैंड पोनी तक इस बार पुष्कर मेले में पशुओं की अनोखी दुनिया देखने को मिल रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पसंदीदा पुंगनूर गाय आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

21 करोड़ का गोल्डन किंग, डेढ़ लाख रुपए ब्रीडिंग फीस

गुजरात के सूरत से पहुंचा मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा गोल्डन किंग मेले के सबसे चर्चित आकर्षणों में शामिल है। इसके मालिक के मुताबिक इसकी कीमत 21 करोड़ रुपए है। पांच साल के इस घोड़े का रंग क्रिमिनो है।

मालिक का दावा है कि देश में इस रंग का मारवाड़ी नस्ल का यह इकलौता घोड़ा है। इसकी ऊंचाई 65 इंच है। अब तक इससे छह बच्चे हो चुके हैं।

इसकी ब्रीडिंग फीस करीब डेढ़ लाख रुपए ली जाती है। मालिक इसे खरीद-बिक्री के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ पुष्कर मेले में दिखाने के लिए लाए हैं।

सुल्तान का बेटा 800 किलो का छोटा सुल्तान

ग्वालियर से पहुंचा मुर्रा नस्ल का भैंसा छोटा सुल्तान भी अपनी कद-काठी से लोगों का ध्यान खींच रहा है।

यह मशहूर भैंसे सुल्तान का बेटा है। इसका वजन करीब 800 किलो, लंबाई 9 फीट और ऊंचाई 5 फीट 7 इंच है। इसकी कीमत 25 लाख रुपए बताई गई है।

14 इंच की पुंगनूर गाय, शेटलैंड पोनी भी खास

इस बार मेले में छोटी नस्ल की गायें भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। जयपुर के पशुपालक अभिनव तिवारी पुंगनूर, मिनी माउस और विच्चूर नस्ल की गाय लेकर पहुंचे हैं। इनमें पुंगनूर गाय की ऊंचाई महज 14 इंच बताई गई है।

यह प्रतिदिन करीब तीन लीटर दूध देती है। मिनी माउस नस्ल की गाय 15 से 20 इंच की होती है और तीन से पांच लीटर तक दूध देती है। वहीं, विच्चूर नस्ल की गाय की ऊंचाई 25 से 28 इंच होती है और यह पांच लीटर तक दूध दे सकती है।

अभिनव तिवारी के अनुसार इन गायों को कम जगह और कम खर्च में पाला जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई जनप्रतिनिधियों को भी पुंगनूर गाय पसंद है।

शेटलैंड पोनी भी खास आकर्षण

तिवारी यूरोप की प्रसिद्ध शेटलैंड पोनी भी लेकर आए हैं। स्कॉटलैंड के शेटलैंड द्वीप समूह की यह छोटी लेकिन मजबूत नस्ल घने बालों के लिए जानी जाती है।

पहले इसका इस्तेमाल खेतों में काम करने, सामान ढोने और कोयला खदानों में किया जाता था। अब यह बच्चों की सवारी, गाड़ी खींचने और मेलों में आकर्षण का केंद्र रहती है।

100 बॉडीगार्ड के साथ बादल की एंट्री, स्वागत में उड़ाई नोटों की गड्डियां

पुष्कर मेले में इस बार घोड़े बादल की एंट्री भी किसी शाही जुलूस से कम नहीं रही। निजी बाउंसरों का सुरक्षा घेरा, ढोल-ढमाकों की गूंज और स्वागत में उड़ती नोटों की गड्डियां… इस नजारे ने हर किसी का ध्यान खींचा।

केकड़ी के अश्वपालक राहुल जेतवाल छह साल के नुगरा नस्ल के 70 इंच ऊंचे सफेद घोड़े बादल को लेकर पहुंचे हैं। उनके साथ न्यू बादल और विश्वास नाम के दो अन्य सफेद घोड़े भी हैं। तीनों घोड़ों की शानदार कद-काठी देखने के लिए लोग जुटे। ढोल-नगाड़ों के साथ करीब एक किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला गया।

अब तक 7598 पशुओं की आवक

पशुपालन विभाग के अनुसार रविवार तक मेले में कुल 7598 पशु पहुंच चुके हैं। इनमें 4150 घोड़े और 3411 ऊंट शामिल हैं। पशुओं की लगातार बढ़ती आवक के साथ मेला मैदान में रौनक भी बढ़ने लगी है।

कल झंडारोहण, 52 घाटों पर दीपदान से होगी मेले की शुरुआत

पुष्कर मेले में मंगलवार 17 नवंबर को प्रशासनिक स्तर पर औपचारिक शुरुआत होगी। मेला मैदान में सुबह 10 बजे जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर मेले का झंडारोहण करेंगे। शाम को पुष्कर सरोवर के 52 घाट दीपदान से रोशन होंगे।

मेला स्टेडियम में वॉयस ऑफ पुष्कर कार्यक्रम के तहत स्थानीय गायक प्रस्तुतियां देंगे। विभिन्न जिलों से आए कलाकार पारंपरिक लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।