कैथल में अज्ञात आरोपी ने एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 1 लाख 36 हजार 997 रुपए निकाल लिए। युवक को धोखाधड़ी का पता तब चला, जब उसके मोबाइल पर रुपए कटने के मैसेज आए। इसके बाद उसने साइबर थाना में शिकायत दी।
शिकायतकर्ता गांव किठाना निवासी मनोज कुमार है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
गूगल पे से कटे रुपए
मनोज कुमार ने साइबर थाना में दी शिकायत में बताया कि वह बिजली फिटिंग का काम करता है। उसका एक प्राइवेट बैंक में सेविंग अकाउंट है और इसके साथ उसका मोबाइल नंबर भी अटैच है।
उसने बताया कि 2 दिन पहले वह घर पर था। शाम करीब 6 बजे उसका मोबाइल कुछ देर के लिए हैक हो गया था। इसके अगले दिन उसके गूगल पे अकाउंट से रुपए कटने के मैसेज आए।
तीन बार में कटे 1 लाख 36 हजार 997 रुपए
मनोज ने बताया कि जब उसने खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि 3 बार में उसके खाते से 1 लाख 36 हजार 997 रुपए UPI के जरिए ट्रांसफर किए गए हैं। उसने आरोप लगाया कि अज्ञात आरोपी ने खाते से रुपए निकालकर धोखाधड़ी की है। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और रुपए बरामद करवाने की मांग की है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
साइबर थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत मिली थी। अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।