पंजाबी सिंगर एक्टर दिलजीत दोसांझ RDX विस्फोट की धमकियों के बावजूद रविवार को इंदौर पहुंचे।
यहां कॉन्सर्ट में उन्होंने राहत इंदौरी का शेर पढ़ा- ‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है। ये सब धुआं है कोई आसमान थोड़ी है। सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में। किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है।’
धमकियों का जवाब भी उन्होंने मंच से दिया। दिलजीत बोले-
मेरे इंदौर आने और कार्यक्रम को रोकने की कई कोशिशें की गईं। ये महाकाल की धरती है और यहां आने से हमें कोई नहीं रोक सकता। हम पहले भी नहीं डरे थे और आज भी नहीं डरते। आपकी ताकत ही हमें यहां तक लेकर आई है।
दिलजीत के चार गानों- ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ को लेकर विवाद हुआ था। इनमें से 3 गाने ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’ और ‘जट्ट फायर करदा’ कॉन्सर्ट में दिलजीत ने गाए।
कॉन्सर्ट में RDX विस्फोट की धमकी मिली थी
दिलजीत ने ‘खुदा गवाह’, ‘सांसों की माला’ और ‘किन्नी किन्नी’ जैसे हिट गानों पर दर्शकों को झुमाया। रात 10 बजे आखिरी गाना गाकर शो खत्म हुआ।
कॉन्सर्ट से पहले इंदौर के अलग-अलग संस्थानों को करीब 9 धमकी भरे ई-मेल मिले थे।इनमें आयोजन के दौरान RDX विस्फोट की धमकी भी दी गई थी। पुलिस ने यहां बम डिस्पोजल टीम तैनात की थी। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही थी।
7 करोड़ से ज्यादा के टिकट बिकने का दावा
BookMyShow के मुताबिक, इंदौर शो में 7 करोड़ रुपए से ज्यादा के टिकट बिके। कॉन्सर्ट के टिकट 1,500 रुपए से शुरू हुए थे। सबसे महंगी GOAT टेबल 8 लाख रुपए और Born To Shine टेबल 5 लाख रुपए की थी। नगर निगम को आयोजन से 60 लाख रुपए से ज्यादा टैक्स मिला।
पहले पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर चक देंगे चट्ट दे फट्टे
इससे पहले इंदौर कॉन्सर्ट रद्द होने की बात सामने आने पर दिलजीत ने अपने अकाउंट से लाइव आकर कहा था, ‘15 नवंबर को हम इंदौर आ रहे हैं। बहुत सारी न्यूज लगीं। बहुत सारे चैनल्स ने मजे लिए। मसाला लगाकर चटकारे लगाकर खबरें सुनाईं। इसलिए मैं खबरों के मूड में हूं। मैं 15 तारीख को इंदौर आ रहा हूं। सबसे पहले हम आकर खाएंगे पोहा। 101 %, फिर एनर्जी लेकर चक देंगे चट्ट दे फट्टे। आपको फिक्र नहीं करनी है और न ही कोई खबर सुननी है।’
आगे दिलजीत ने कहा, ‘मैं तो कहता हूं, जिस इंसान को आराम की जिंदगी जीनी है, बेफिक्र होकर, टेंशन फ्री, वो इंसान खबरें न सुने। आप सुबह गुगल पर दुनिया की खबरें देख लो।
अगला शो अहमदाबाद में, इसे रोकने की मांग
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली और भोपाल के बाद 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने कॉन्सर्ट में बच्चों की एंट्री और गानों की सामग्री को लेकर चिंता जताई है।
इकाई ने अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कार्यक्रम में कुछ प्रतिबंध लगाने की मांग की है। यह कार्रवाई चंडीगढ़ निवासी प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर की गई है।