राजस्थान के 59 पंपों की जांच, 4 जगह पकड़ी गड़बड़ी:शहर के दो पंपों पर हर 5 लीटर में 30 एमएल कम मिल रहा था पेट्रोल

शहर के पेट्रोल पंपों पर पूरा पैसा चुकाने के बावजूद वाहन चालकों को कम ईंधन देकर उनकी जेब पर डाका डाला जा रहा था। विधिक माप विज्ञान विभाग के विशेष औचक निरीक्षण अभियान में शहर के दो प्रमुख पेट्रोल पंपों पर प्रति 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर लगभग 30 मिलीलीटर कम ईंधन दिए जाने की गंभीर अनियमितता पकड़ी गई है। इनमें 100 फीट रोड, खेड़ा सर्कल स्थित एमएस आशा फिलिंग स्टेशन और ओल्ड चुंगी नाका, गोवर्धन विलास स्थित प्रदीप ऑटोमोबाइल शामिल हैं। दोनों पंपों की दैनिक बिक्री के आधार पर शहर के उपभोक्ताओं को हर माह करीब 180 लीटर ईंधन कम मिल रहा था, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 19,800 रुपए की चपत लग रही थी। दोनों पेट्रोल पंपों के एक-एक नोजल सीज कर प्रत्येक पर 10,000 रुपए (कुल 20,000 रुपए) का जुर्माना लगाया है। उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर प्रदेशभर के 59 पेट्रोल पंपों पर चलाए गए। इस अभियान में कुल चार पंपों पर कम ईंधन देने का खुलासा हुआ, जिनमें उदयपुर के अलावा अजमेर के दो पंप भी शामिल हैं। प्रदेश में कुल 5 नोजल सीज कर 75,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

उदयपुर-अजमेर सहित 4 पंपों की 5 नोजल सीज, 75 हजार जुर्माना वसूला

एमएस आशा फिलिंग स्टेशन, 100 फीट रोड, खेड़ा सर्कल, उदयपुर: एक नोजल से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर 30 मिलीलीटर कम पेट्रोल पाया गया। प्रतिदिन 400 लीटर ईंधन की बिक्री के आधार पर 2.4 लीटर प्रतिदिन व 72 लीटर प्रतिमाह कम आपूर्ति का अनुमान है, जिसकी अनुमानित कीमत 7920 रुपए है। विभाग ने 1 नोजल सीज कर 10,000 रु. का जुर्माना लगाया। प्रदीप ऑटोमोबाइल, ओल्ड चुंगी नाका, गोवर्धन विलास, उदयपुर: यहां एक नोजल से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर 30 मिलीलीटर की कमी पाई गई। प्रतिदिन 600 लीटर ईंधन की बिक्री के आधार पर 3.6 लीटर प्रतिदिन व 108 लीटर प्रतिमाह कम आपूर्ति का अनुमान है, जिसकी अनुमानित कीमत 11,880 रु. है। यहां भी 1 नोजल सीज कर 10,000 रु. का जुर्माना लगाया।

बीएलएम पेट्रोलियम (जीओ बीपी), सुरसाना, अजमेर: यहां विभिन्न नोजलों से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर लगभग 27 मिलीलीटर की कमी मिली। यहां प्रतिदिन 2,000 लीटर बिक्री के आधार पर 10.8 लीटर प्रतिदिन और एक माह में 324 लीटर कम आपूर्ति का अनुमान है, जिसकी कीमत लगभग 35,640 रुपए है। यहां 2 नोजल सीज कर 20,000 रुपए जुर्माना लगाया गया। वहीं, अजमेर के किशनगढ़ बाईपास, रूपनगढ़ स्थित भंवर पेट्रोलियम ट्रेडर्स में प्रत्येक 5 लीटर ईंधन पर 27 मिलीलीटर की कमी पाई गई। प्रतिदिन 1,000 लीटर बिक्री के आधार पर 5.4 लीटर प्रतिदिन और 162 लीटर प्रतिमाह (कीमत 17,820 रुपए) कम आपूर्ति का अनुमान है। यहां 1 नोजल सीज कर 10,000 रुपए जुर्माना लगाया गया।

हर माह 73 हजार से ज्यादा का घपला कर रहे थे चारों पंप

विधिक माप विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उदयपुर और अजमेर के इन चारों पेट्रोल पंपों पर दर्ज कमी और बताई गई दैनिक बिक्री के आधार पर यदि यही स्थिति पूरे महीने बनी रहती, तो उपभोक्ताओं को अनुमानित रूप से लगभग 666 लीटर पेट्रोल-डीजल की कम आपूर्ति होती। इस कम दिए गए ईंधन की कुल अनुमानित कीमत 73,260 रुपए है। बाकी 55 पंपों पर निर्धारित मात्रा से कम ईंधन दिए जाने संबंधी अनियमितता नहीं पाई गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंपों पर ईंधन की निर्धारित मात्रा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है और आगामी दिनों में भी प्रदेशभर में औचक निरीक्षण जारी रहेगा।