जींद में दुकान से 1.70 लाख कैश-जेवर चोरी:पड़ोसी की दीवार फांदकर अंदर घुसे चोर; घर में सोता रहा परिवार

जींद के कलौदा गांव में चोर दुकान से 1 लाख 70 हजार रुपए कैश और सोने-चांदी के गहने चुराकर फरार हो गए। वारदात के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। चोर पड़ोसी की दीवार फांदकर छत के रास्ते दुकान में घुसे। छत पर पैरों के निशान भी मिले हैं।

दुकान मालिक श्रीभगवान रात को खांसी आने पर लौंग लेने दुकान में पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर दुकान के गल्ले और मंदिर में रखा कैश व गहने गायब मिले। कुछ गहने मरम्मत करवाने के लिए स्वर्णकार को दिखाने के बाद मंदिर में रखे गए थे।

सूचना मिलने पर दनोंदा चौक पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। नरवाना सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लौंग लेने रात को दुकान में आए

कलौदा गांव निवासी श्रीभगवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने घर में ही दुकान की हुई है। बीती रात करीब साढ़े 8 बजे वह दुकान के पीछे बने कमरे में सो गया। उसकी पत्नी बेटी के साथ ऊपर कमरे में सो रही थी, जबकि बेटा बाहर गया हुआ था।

रात को उसे अचानक खांसी आने लगी तो वह दुकान में लौंग लेने चला गया। वहां पहुंचने पर दुकान का गल्ला और मंदिर में रखा सामान बिखरा पड़ा मिला।

मरम्मत करवाने के लिए रखे थे गहने

श्रीभगवान के अनुसार, जांच करने पर दुकान और मंदिर से करीब 1 लाख 70 हजार रुपए कैश गायब मिला। इसके अलावा मंदिर में रखी सोने की 2 अंगूठियां, 1 लॉकेट, 2 नाक की तीलियां, 1 हाथ की कड़ूली और चांदी के 4 सिक्के भी नहीं मिले।

उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसने मरम्मत करवाने के लिए गहने स्वर्णकार को दिखाए थे। इसके बाद उन्हें मंदिर में ही रख दिया था।

छत पर मिले पैरों के निशान

सूचना मिलने के बाद दनोंदा चौक पुलिस एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान छत पर पैरों के निशान मिले। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर पड़ोसी की दीवार फांदकर छत के रास्ते दुकान में घुसे थे।

नरवाना सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।