अमृतसर में नशे में धुत कांस्टेबल ने बच्ची को कुचला:कार से उतरते ही लड़खड़ाता दिखा, शराब की बोतल मिली; लड़की के पैरों में फ्रैक्चर

अमृतसर में शराब के नशे में धुत एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी कार से 12 साल की बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसे फ्रेक्चर बताया गया।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी कांस्टेबल को पकड़ लिया। वह पुलिस की वर्दी में था और इतना नशे में था कि उससे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। कार की तलाशी लेने पर उसमें शराब की बोतल, बीड़ी और सिगरेट भी मिली।

लोगों ने आरोपी और उसकी कार का वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसे कार समेत थाना सुल्तानविंड की पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने मांग की कि आरोपी का मेडिकल करवाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

  • पुलिस कांस्टेबल ने टक्कर मारी: हादसा सुल्तानविंड रोड पर गुरुवार शाम को हुआ। बच्ची की मां प्रीति ने बताया कि वे गरीब परिवार से हैं। उनकी 12 साल की बेटी स्कूल से घर लौट रही थी। गांव में ही पुलिस कांस्टेबल ने कार से उसे टक्कर मार दी।
  • बच्ची का पूरा इलाज करवाने की मांग: प्रीति ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल ने काफी शराब पी रखी थी। इसी के चलते उसकी कार बेकाबू हो गई और उसने बच्ची को टक्कर मारी।
  • कार चालक को बाहर निकाला: प्रत्यक्षदर्शी राहुल सोरी के मुताबिक, जब लोगों ने कार चालक को बाहर निकाला तो वह पंजाब पुलिस का हवलदार निकला। वह वर्दी में था और आरोप है कि शराब के नशे में धुत था।
  • कार से शराब की बोतल, बीड़ी-सिगरेट मिली: उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से आंखें भी नहीं खोल पा रहा था। कार की तलाशी लेने पर उसमें शराब की बोतल, बीड़ी और सिगरेट भी मिली और कुछ नशे की पुड़िया मिली।
  • पुलिसकर्मी को मौके पर ही पकड़ लिया: हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मुलाजिम और कार को अपने कब्जे में ले लिया।

जांच के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल बच्ची का मेडिकल करवाया जा रहा है। आरोपी पुलिसकर्मी का भी मेडिकल परीक्षण करवाया जाएगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उधर, घटना के बाद से लोगों में रोष है और उनका कहना है कि अगर पुलिसकर्मी ही नशे में गाड़ी चलाएंगे तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे होगी।