नालंदा- 10 लाख की सुपारी देकर प्रॉपर्टी डीलर का मर्डर:29 अक्तूबर से लापता थे, मांगी गई थी 50 लाख की फिरौती; अपराधियों से निकलवाई दफनाई लाश

नालंदा के छबिलापुर के रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर की 10 लाख रुपए सुपारी देकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बुधवार की शाम प्रॉपर्टी डीलर की लाश लखीसराय जिले के चानन थाना क्षेत्र के किऊल नदी किनारे से बरामद किया गया। शुरुआती जांच में जमीन के कारोबार, पैसों के लेनदेन के मामले में सुपारी देकर हत्या कराए जाने की बात सामने आई है।

मृतक की पहचान सीताराम लाल के बेटे बीरेंद्र लाल के रूप में की गई है। पुलिस जांच में बाढ़ के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर दीपू प्रसाद का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया है।

आरोप है कि दीपू प्रसाद ने बीरेंद्र लाल को रास्ते से हटाने के लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दी थी। हालांकि, पुलिस अधिकारी अभी इस पूरे घटना और इससे जुड़े कारणों की आधिकारिक पुष्टि और जांच पूरी होने की बात कह रहे हैं।

घटना से जुड़ी तीन तस्वीरें देखिए

29 अक्टूबर से लापता थे बीरेंद्र लाल, मांगी गई थी 50 लाख की फिरौती

मृतक की बहू अंतिमा कुमारी ने बीते 1 नवंबर को छबिलापुर थाने में अपने ससुर बीरेंद्र लाल के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बीरेंद्र लाल 29 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे घर से बख्तियारपुर जाने के लिए निकले थे। शाम 7 बजे उन्होंने फोन पर बताया था कि वे अथमलगोला पहुंचे हैं, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटे।

परिजनों का आरोप है कि धर्मेंद्र महतो उर्फ आनाथ के फोन आने के बाद बीरेंद्र लाल बख्तियारपुर-अथमलगोला गए थे। बाद में अपराधियों ने बीरेंद्र लाल के ही मोबाइल से कॉल कर 50 लाख रुपए की मांग की थी।

फोन करने वाले ने कहा था कि 3 साल पहले एक जमीन की खरीद-बिक्री में मैं गारंटर था और मैंने 50 लाख रुपए बीरेंद्र लाल को दिलवाए थे। जमीन नहीं बिकने के कारण पैसा देने वाले ने उसकी जमीन पर खुदाई कर ली, इसलिए 50 लाख रुपए लौटाने पर ही बीरेंद्र लाल को छोड़ा जाएगा।

गला घोंटकर हत्या की आशंका, शव‎ सड़ चुका था

शव काफी सड़ चुका था।‎ इससे पुलिस को आशंका है कि अपहरण के‎दिन ही बुजुर्ग की हत्या कर दी गई थी। ‎पूछताछ में आरोपितों ने गमछे से गला‎ घोंटकर हत्या करने की बात कही है।‎ हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि‎ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस के विस्तृत‎ खुलासे के बाद ही हो सकेगी।‎

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य, हिरासत में संदिग्ध

बुधवार शाम किऊल नदी से शव मिलने की सूचना पर लखीसराय एफएसएल प्रभारी ब्रजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलित किए। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण पोस्टमार्टम और डीएनए और अन्य वैज्ञानिक पहलुओं से भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष बोले- दो संदिग्धों से पूछताछ के बाद हुआ खुलासा

छबिलापुर थानाध्यक्ष अनोज कुमार पाठक ने बताया‎ कि अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस‎लगातार तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही ‎थी। मोबाइल लोकेशन बदलने के कारण अलग-अलग ‎जगहों पर छापेमारी की गई। दो संदिग्धों से पूछताछ में‎ हत्या का खुलासा हुआ। इसके बाद तीन अन्य‎ आरोपितों को पकड़ा गया।

उनकी निशानदेही पर ‎लखीसराय पुलिस के सहयोग से शव बरामद किया ‎गया। शुरुआती जांच में व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के ‎कारण हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।‎ मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना का पूरा‎ कारण स्पष्ट होगा।‎