राजस्थान कांग्रेस के तीनों सह-प्रभारी सचिवों को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह चार नेताओं को राजस्थान में सह-प्रभारी सचिव लगाया गया है।
राजस्थान के 6 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया है, जबकि सांसद संजना जाटव, दिव्या मदेरणा सहित तीन नेताओं को पद से हटाया है।
राजस्थान कांग्रेस के सह-प्रभारी सचिव चिरंजीव राव, ऋतिक मकवाना और पूनम पासवान को राष्ट्रीय सचिव व सह-प्रभारी पद से हटा दिया है।
राजस्थान में चार राष्ट्रीय सचिवों को सह-प्रभारी लगाया है। कांग्रेस नेता विश्व विजय सिंह, पलक वर्मा, मनोज बागड़ी और पोरलक खारते को राजस्थान के सह-प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी दी है।
राजस्थान से 6 राष्ट्रीय सचिव
राजस्थान से 6 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। सेवा दल के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत, विधायक डूंगर राम गेदर, पूर्व विधायक धीरज गुर्जर, दानिश अबरार, जगदीश जांगिड़ और रेहाना रियाज को राष्ट्रीय सचिव बनाकर राज्यों में सह-प्रभारी बनाया है। हेम सिंह शेखावत और डूंगर राम गेदर को पहली बार जिम्मेदारी दी गई है।
दिव्या, संजना सहित तीन राष्ट्रीय सचिवों को हटाया
सांसद संजना जाटव, पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा और विजय जांगिड़ को राष्ट्रीय सचिव पद से हटा दिया है। दिव्या मदरेणा के पास जम्मू-कश्मीर के सह-प्रभारी सचिव की जिम्मेदार थी। इस बदलाव को लेकर सियासी हलकों में चर्चा हो रही है।
धीरज गुर्जर को जम्मू-कश्मीर, जगदीश जांगिड़ को यूपी का सह-प्रभारी बनाया
राजस्थान से राष्ट्रीय सचिव बनाए गए 6 नेताओं को राज्यों में सह-प्रभारी बनाया गया है। हेम सिंह शेखावत को गुजरात, धीरज गुर्जर को जम्मू-कश्मीर, दानिश अबरार को दिल्ली, जगदीश जांगिड़ को उत्तर प्रदेश, डूंगर राम गेदर को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और रेहाना रियाज को महाराष्ट्र के सह-प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी दी है।