दिल्ली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर में एक फैन अभिनव के घुसने और उसकी मौत का मामला सामने आया है। युवक नेहा से एकतरफा प्यार करता था और शादी करना चाहता था।
युवक नेहा से मिलने चेन्नई से दिल्ली आया था। वह जबरन उनके घर में घुस गया। आरोप है कि नेहा के पिता और एक पड़ोसी ने उसे बुरी तरह पीटा, जिसके चलते 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। अब पुलिस ने नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक नेहा की शादी कहीं और तय होने से नाराज था। वह उनसे एकतरफा प्यार करने लगा था, जबकि नेहा उसे जानती तक नहीं थीं।
नेहा बिष्ट के इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनकी रील्स पर लाखों व्यूज आते हैं। वह इन दिनों इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी सगाई और आने वाली शादी से जुड़े वीडियो पोस्ट कर रही थीं।
नेहा बोली- दो बार मिलने पहुंचा था अभिनव
यूपी के गाजीपुर का रहने वाला अभिनव चेन्नई की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। नेहा और उसका परिवार दिल्ली के मधु विहार में रहता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, नेहा ने शिकायत में कहा था कि अभिनव उससे कई महीनों से कॉन्टैक्ट करने की कोशिश कर रहा है। नेहा ने पुलिस को बताया कि 22 जुलाई को उसकी सगाई हुई थी। यह बात उसने सोशल मीडिया पर भी शेयर की थी। इसके बाद इंस्टाग्राम पर मुझे कई मैसेज आने लगे।
नेहा ने बताया कि 10-11 जुलाई को एक अनजान शख्स घर में घुस गया और चिल्लाने लगा कि मैडम, मैं आपसे प्यार करता हूं। आप किसी और से क्यों शादी कर रही हैं? मेरे परिवार और पड़ोसियों ने उसे समझाने की कोशिश की। लड़के ने अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी और कहा कि ये हरकत दोबारा नहीं होगी। तब मैंने पुलिस में शिकायत नहीं की थी।
नेहा ने बताया कि इंस्टाग्राम पर एक पर्टिकुलर अकाउंट से मैसेज आने बंद हो गए, लेकिन एक दूसरे अनजान अकाउंट से मैसेज आने लगे। मैंने दिसंबर में शादी की बात सोशल मीडिया पर बताई थी। 7 नवंबर को वही लड़का फिर से घर में घुस आया और मेरा नाम लेकर चिल्लाने लगा। वह नशे में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। जब मेरे पिता ने उससे बात कि उसने हमला कर दिया और कहा कि आप अपनी बेटी को किसी और से शादी अनुमति न दें।
नेहा के पड़ोसियों ने अभिनव को परिसर से ले जाने की कोशिश की। वह कथित रूप से दो-तीन गिर भी गया। नेहा का कहना है कि अभिनव को सिर में चोट गिरने से लगी। मेरे पिता और पड़ोसियों के मारने की वजह से नहीं।
पीठ और पैर में आई थीं गंभीर चोटें
पुलिस के मौके पर पहुंचने पर अभिनव की पीठ और दाएं पैर में गंभीर चोटें मिली थीं। उसे राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर नेहा के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाली जा रही है।