पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच गठबंधन की चर्चाएं जारी हैं। अब तक दोनों दलों ने इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की है। इस बीच चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों में चुनाव की घोषणा के बाद दोनों पार्टियों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
पहले माना जा रहा था कि पंजाब में गठबंधन होने पर दोनों दल चंडीगढ़ में भी मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन मौजूदा गतिविधियों से अलग-अलग चुनाव लड़ने के संकेत मिल रहे हैं। भाजपा ने शहर के सभी 35 वार्डों में संगठन को सक्रिय कर चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।
वहीं, अकाली दल ने भी चुनावी मुद्दे तय करने और लोगों तक पहुंच बनाने के लिए सात सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी का गठन किया है। यदि पंजाब में गठबंधन को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट नहीं होती है तो चंडीगढ़ में दोनों दलों के अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरने की संभावना बढ़ सकती है।
अकाली दल ने बनाई 7 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल ने सात सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी बनाई है। यह कमेटी शहर के प्रमुख मुद्दों और लोगों की समस्याओं पर विचार कर पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करेगी।
जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाएगी चंडीगढ़ अकाली दल के अध्यक्ष चरणजीत सिंह ने कमेटी की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाएगी। कमेटी में एडवोकेट अमरजीत सिंह गुजराल, लाइव सिंह, मनदीप सिंह, बलविंदर सिंह, जबरजंग सिंह, राजीव तुली और अशोक शर्मा को शामिल किया गया है।
कल चंडीगढ़ आएंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल सेक्टर-27 स्थित रामलीला ग्राउंड में बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसको नगर निगम चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। भाजपा ने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी हैं।