मेटा के हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम ऑफिस में तोड़फोड़-हंगामा:यूथ कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन, इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने का विरोध; 4 लोगों के खिलाफ FIR

हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में इंडियन यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। हैदराबाद में प्रदर्शनकारी ऑफिस के अंदर घुस गए। ऑफिस के बाहर एक गमला भी टूटा मिला।

मुंबई में प्रदर्शन के दौरान बिल्डिंग के शीशे पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिखा गया। इस मामले में मुंबई पुलिस ने शनिवार को यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।

यूथ कांग्रेस के मुताबिक, मेटा ने 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाबंदी लगा दी थी। संगठन ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा के निर्देश पर की गई।

यूथ कांग्रेस ने दोनों अकाउंट सात दिनों के भीतर बहाल करने की मांग की थी। संगठन ने कहा था कि अगर विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के अकाउंट पर लगी पाबंदियां नहीं हटीं तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे।