कानपुर के राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आरोपियों को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए उनके बैंक खाते सीज कराने की तैयारी है।
जांच में प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद से कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ने पूर्व पार्षद और हिस्ट्रीशीटर के बैंक खातों की पड़ताल शुरू की है। साथ ही अवैध बिल्डिंगों के निर्माण में केडीए कर्मचारियों और बिल्डरों के गठजोड़ की जांच हो रही है।
इस मामले में चार अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें एक सेवानिवृत्त केडीए कर्मचारी को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा गया है, जबकि तीन अन्य को नोटिस देने की तैयारी है।
फरार आरोपियों के खाते सीज कराने की तैयारी
राधिका अपार्टमेंट के फाइनेंसर प्यारे खान की सरेंडर करने की सूचना पर पुलिस ने कोर्ट परिसर में सादी वर्दी में निगरानी की। हालांकि, सरेंडर अर्जी दाखिल करने के बावजूद प्यारे खान कोर्ट नहीं पहुंचा। पुलिस फरार आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। उनके बैंक खाते सीज कराने की तैयारी की जा रही है।
अतीक का पैसा अवैध बिल्डिंगों में लगाने का आरोप
पुलिस की जांच पूर्व पार्षद और हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान तक पहुंच गई है। पुलिस के मुताबिक, मन्नू के प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद से संबंध रहे हैं। उस पर अतीक का पैसा कानपुर की अवैध बिल्डिंगों में लगाने का आरोप है।
एसीपी कोतवाली अमित पांडेय ने बताया कि मन्नू रहमान के बैंक खातों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि अवैध निर्माण में किन लोगों का पैसा लगा है और रकम का लेनदेन किन खातों से हुआ है।
KDA कर्मचारी-बिल्डर गठजोड़ की जांच
एसीपी के मुताबिक, जांच में चार अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें 20 हजार के इनामी शफीक का एक रिश्तेदार, एक साथी और सेवानिवृत्त केडीए कर्मचारी शिवशंकर शामिल हैं। आरोप है कि ये लोग केडीए कर्मचारियों और बिल्डरों के साथ मिलकर अवैध इमारतों का निर्माण कराते थे।
सेवानिवृत्त केडीए कर्मचारी शिवशंकर को नोटिस जारी किया जा चुका है। उसे तीन दिन में जवाब देने का समय दिया गया है। बाकी तीन लोगों को भी नोटिस देने की तैयारी है। पुलिस इनके बिल्डरों से गठजोड़ और अवैध निर्माण में भूमिका से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।
16 नवंबर को शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग, दो की मौत
पटकापुर की संकरी गली में बने छह मंजिला राधिका अपार्टमेंट में 16 नवंबर की तड़के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। अपार्टमेंट के 12 फ्लैट फ्लोर के हिसाब से 15 से 19 लाख रुपए में बेचे गए थे। इमारत में न तो फायर सेफ्टी के इंतजाम थे और न ही बाहर निकलने के लिए दूसरा सुरक्षित रास्ता था।
आग में परिसर में खड़े 11 दोपहिया वाहन जल गए थे। बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर तीसरी मंजिल पर रहने वाली राखी साहू की बालकनी से उतरते समय गिरकर मौत हो गई थी। वहीं, किशोर प्रांजल बाथम की धुएं में दम घुटने से जान चली गई थी।
प्रांजल के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर फीलखाना पुलिस ने बिल्डर मोहित तिवारी, पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, सरबजीत कौर, प्यारे खान और शफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मोहित तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाकी चार आरोपियों पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित है।