जालंधर के लद्देवाली रोड स्थित पार्क एवेन्यू में एक कोबरा ASI के घर में घुस गया। इससे परिवार डर गया और रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। सांप के दीवार के छेद में घुस जाने के कारण उसे पकड़ने के लिए करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
ASI भारत भूषण के घर में सांप को रेस्क्यू करने का पूरा वीडियो भी सामने आया है। सांप पकड़ने वाले कुलदीप से जब अकेले काबू नहीं आया तो ASI की भी मदद ली गई। कुलदीप और ASI खुद 10 से 12 फीट ऊंची दीवार पर चढ़े। दीवार में घुसकर आर-पार हो चुके सांप को दूसरी तरफ से खाली प्लॉट में काबू किया।
कुलदीप ने बताया कि ASI भारत भूषण ने सांप देखने के बाद उनकी टीम से संपर्क किया था। वे कपूरथला में रेस्क्यू के लिए गए थे, इसलिए देर हो गई, लेकिन परिवार ने सांप पर पूरी नजर बनाए रखी, जिससे उसे पकड़ा जा सका।
कुलदीप ने बताया कि यह स्पेक्टिकल कोबरा की मादा प्रजाति है। इसके काटने पर न्यूरोटॉक्सिन के कारण आधे घंटे के अंदर इंसान की मौत हो सकती है।
- शाम 6 से 7 बजे के करीब परिवार ने देखा सांप: जालंधर के लद्देवाली रोड स्थित पार्क एवेन्यू में एक पुलिस मुलाजिम के घर में 24 नवंबर को सांप देखा गया था। जब तक टीम वहां पहुंची, सांप आंखों से ओझल हो चुका था। ASI भारत भूषण ने बताया कि आंगन में रखी कुर्सी के नीचे इसे देखा था। इसके बाद वह आगे की तरफ चला गया।
- आते ही टॉर्च के सहारे सांप को ढूंढना शुरू किया: रेस्क्यू टीम के कुलदीप सिंह ने आते ही परिवार से पूछा कि सांप सबसे पहले घर में किस जगह देखा गया था। ASI से जानकारी मिलते ही पहले आंगन में रखी कुर्सी और उसके आसपास पड़े सामान में सांप को देखा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद घर के प्लॉट के साथ लगती दीवार के पास उसकी पूंछ दिखाई दी।
- दीवार के छेद में घुस चुका था सांप: कुलदीप ने घर पहुंचने के 5 से 10 मिनट में सांप को खोज लिया, लेकिन वह दीवार के छेद में घुस चुका था। उसे बाहर निकालने के लिए कुलदीप ने उसकी पूंछ पकड़कर खींचने की कोशिश की। यह तरीका काम नहीं आया और सांप हाथ से फिसलता रहा।
- काबू न आने पर दस्ताने पहने: कुलदीप ने देखा कि सांप नंगे हाथों से काबू में नहीं आ रहा है। इसके बाद उसने अपने खुरदरे दस्ताने मंगवाए और सांप को एक हाथ से पकड़कर दूसरे हाथ की मदद से दस्ताना पहना। लेकिन इससे भी सांप काबू में नहीं आया और उसे दीवार से बाहर नहीं निकाला जा सका।
- मदद के लिए कोई तैयार नहीं हुआ तो ASI ने दिखाई हिम्मत: कुलदीप सिंह ने कई लोगों से यह कहकर मदद मांगी कि कोई दीवार के उस पार झांककर बताए कि सांप का मुंह बाहर निकला है या नहीं। इस पर परिवार के लोगों ने दीवार पर चढ़ने में असमर्थता जताई। इसके बाद ASI ने हिम्मत दिखाई और सीढ़ी लगाकर दीवार पर चढ़ गए।
- डंडे के सहारे सांप का मुंह दबाया: ASI ने दीवार पर चढ़ने के बाद डंडे के सहारे दूसरी तरफ निकले सांप का मुंह दबाया। इसके बाद कुलदीप कुछ सेकेंड में दीवार फांदकर दूसरी तरफ गया और सांप को पकड़ लिया।
कुलदीप बोला- ये स्पेक्टिकल फीमेल कोबरा सांप को रेस्क्यू करने के बाद उसे सुरक्षित जगह छोड़ने के लिए कुलदीप ने डिब्बे में बंद कर लिया। कुलदीप ने बताया कि इसकी उम्र 6 साल है। यह स्पेक्टिकल फीमेल कोबरा है और इंसान की नसों पर काटती है। एक बार पूरी बाइट कर ले तो जहर सीधे दिमाग में जाता है। इंसान पैरालाइज हो जाता है। अस्पताल न पहुंचने पर आधे घंटे के अंदर मौत हो सकती है।